By अभिनय आकाश | Mar 15, 2025
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की हिंदी भाषा पर टिप्पणी ने विपक्ष और इंटरनेट उपयोगकर्ताओं दोनों की भारी नाराजगी पैदा कर दी है, अभिनेता-राजनेता प्रकाश राज भी अब जन सेना पार्टी प्रमुख पर हमला करने में शामिल हो गए हैं। एक्स पर एक पोस्ट में प्रकाश राज ने कल्याण की आलोचना की और उन पर दूसरों पर हिंदी थोपने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अपनी हिंदी भाषा हम पर मत थोपो। बात किसी दूसरी भाषा से नफरत करने की नहीं है, बात अपनी मातृभाषा और अपनी सांस्कृतिक पहचान को स्वाभिमान के साथ बचाने की है। कोई पवन कल्याण गरु को ये बात समझाए।
कल्याण ने कहा कि मुझे समझ में नहीं आता कि कुछ लोग संस्कृत की आलोचना क्यों करते हैं। तमिलनाडु के राजनेता हिंदी का विरोध क्यों करते हैं जबकि वित्तीय लाभ के लिए अपनी फिल्मों को हिंदी में डब करने की अनुमति देते हैं? वे बॉलीवुड से पैसा चाहते हैं लेकिन हिंदी को स्वीकार करने से इनकार करते हैं - यह किस तरह का तर्क है?