बहामास में तबाही मचाने के बाद डोरियन तूफान उत्तरी कैरोलिना के करीब पहुंचा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 06, 2019

चार्ल्सटन। चक्रवाती तूफान ‘डोरियन’ बहामा में तबाही मचाकर अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना तट के करीब पहुंच गया है। वहीं बहामा में तूफान के कारण मरने वालों की तादाद 30 पहुंच गई है जबकि हजारों लोग बेघर हुए हैं। अमेरिकी मीडिया ने फ्लोरिडा प्रशासन के हवाले से गुरुवार को बताया कि तूफान की विभीषिका से राज्य बच गया है। हालांकि, छह और लोगों की मौत तूफान से पहले की तैयारियों के दौरान हुई है। 

अमेरिकी मौसम विभाग ने चेतावनी दी कि तूफान की वजह से उत्तरी कैरोलिना तट पर सात फीट ऊंची लहरें उठ सकती हैं और 12 इंच तक बारिश होने का पूर्वानुमान है। उत्तरी कैरोलिना के गवर्नर रॉय कूपर ने गुरुवार को सीएनएन को बताया, ‘ हम जानते हैं कि यह रात लंबी होने वाली है पर हम सुबह का सूर्योदय देखने को आतुर हैं।’’ खबरों के मुताबिक तूफान धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इसके साथ कई बवंडर भी उठ रहे हैं लेकिन अबतक इससे किसी नुकसान की खबर नहीं है। तटीय कैरोलिना के कई लोगों ने घर खाली करने के आदेश का अनुपालन किया है। हालंकि कई लोग घरों में ही हैं और तूफान का सामना करने को तैयार हैं। 

इसे भी पढ़ें: मैक्सिको सीमा पर अमेरिका बनाएगी 175 मील लंबी दीवार, 3.6 अरब डॉलर की मंजूरी

स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे मियामी आधारित राष्ट्रीय तूफान केंद्र (एनएचसी) ने कहा कि डोरियन कमजोर हो कर दूसरी श्रेणी में आ गया है और 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही है। तूफान 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट किया कि उन्होंने उत्तरी और दक्षिणी कैरोलिना के गवर्नर से बात की है और सहयोग को तैयार हैं। उल्लेखनीय है कि ‘डोरियन’ शुरू में पांचवी श्रेणी (सबसे खतरनाक)का तूफान था और बहामा से 295 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरा था। बहामा के प्रधानमंत्री हुर्बट मिनिस ने कम से कम 30 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। संयुक्त राष्ट्र ने बहामा में प्रभावित 70,000 लोगों को तत्काल मदद की जरूरत बताई है। 

प्रमुख खबरें

Sawan Pradosh Vrat 2026: सोम प्रदोष व्रत पर शिवलिंग पूजा का महत्व, जानें Puja Timing और शुभ मुहूर्त

H1B Visa ग्रेस अवधि खत्म करने का US प्रस्ताव, विशेषज्ञों ने दी बड़े विस्थापन की चेतावनी

Arizona हत्या का आरोपी Varun Bachigari जर्मनी में गिरफ्तार, भारत भागने की थी योजना

Odisha में भारी बारिश से बाढ़ के हालात, Hirakud Dam के 12 गेट खोले गए