गुरुग्राम प्रवास के दौरान सीएम ने यूक्रेन से लौटे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से की बात

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 07, 2022

गुरुग्राम  मुख्यमंत्री  मनोहर लाल ने अपने गुरुग्राम प्रवास के दौरान   यूक्रेन से वापस आए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से बातचीत की और कहा कि उनसे जो सुझाव मिले हैं उन्हें वे पीएम नरेंद्र मोदी  तक पहुंचाएंगे ताकि मेडिकल शिक्षा ग्रहण कर रहे इन विद्यार्थियों की ज्यादा से ज्यादा मदद हो सके।

गुरुग्राम के लोक निर्माण विश्राम गृह में मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए सीएम मनोहर लाल ने कहा कि यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध के कारण बहुत बड़ी समस्या अचानक वहां पढ़ रहे हमारे विद्यार्थियों के सामने आ गई थी। उसमें हमारे देश के लगभग 18,000 से 19000 विद्यार्थी थे। हरियाणा प्रदेश के भी इनमें लगभग 1800 विद्यार्थी हैं। उन्होंने कहा कि युद्ध छिड़ने के बाद पहला काम यह रहा कि ये सभी विद्यार्थी सकुशल वहां से वापस लौट आयें। उसकी व्यवस्थाएं भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने की हैं। हमारे वरिष्ठ मंत्री यूक्रेन के पड़ोसी देशों में गए हैं। वहां से विशेष उड़ाने  चलाई गई। अधिकांश लोग वहां से वापस लौट आए हैं, फिर भी कुछ विद्यार्थी अभी भी यूक्रेन के शहरों में फंसे हुए हैं। जो लोग बॉर्डर पर पहुंच गए हैं उन्हें लेकर आज भी विशेष फ्लाइट आ रही है। जो लोग अभी भी वहां रह गए हैं वे सुरक्षित कैसे निकले, इसकी चिंता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी कर रहे हैं और जो लोग हरियाणा से हैं, उनसे हम लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।

इसे भी पढ़ें: हरियाणा में ‘मुख्यमंत्री शतोउद्यमी सारथी योजना’ शुरू करने की घोषणा की

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूक्रेन में हरियाणा के 1800 के आसपास विद्यार्थी थे जिनमें से कल  तक 1234 वापस आ चुके हैं। कुछ लोग बॉर्डर पर हैं, उन्हें लाया जा रहा है और कुछ दिल्ली तथा मुंबई पहुंच गए हैं। प्रदेश के 80 के आसपास अभी भी युक्रेन के शहरों में हैं, उनसे संपर्क बना हुआ है। वे कैसे वहां से निकल सकते हैं, उसकी चिंता हम लोग कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया गुरुकुल कुरुक्षेत्र के नूतन विद्यालय भवन देवयान का शिलान्यास

मुख्यमंत्री  मनोहर लाल ने कहा कि जब सभी विद्यार्थी यूक्रेन से वापिस आ जाएंगे तो इनके भविष्य की चिंता भारत सरकार और मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया करेगी। हम उनके निर्णयों का पालन करेंगे। आज भी गुरुग्राम में यूक्रेन से लौटे विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों से बातचीत की गई हैं। उन्होंने जो अच्छे सुझाव हमें दिए हैं उन सुझावों को हम प्रधानमंत्री तक पहुंचाएंगे ताकि इनकी ज्यादा से ज्यादा मदद हो सके।

इन विद्यार्थियों की डिग्री के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि जिस मेडिकल कॉलेज में ये विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, डिग्री उसी कॉलेज को ही देनी है। जिन विद्यार्थियों का बहुत कम समय रह गया है, उनको डिग्री वहां से कैसे मिले, इसके बारे में युक्रेन में स्थिति सामान्य होने के बाद ही इस विषय में बातचीत की जाएगी कि इन्हें डिग्री लेने वहां ना जाना पड़े, यहीं कोई व्यवस्था हो जाए लेकिन यह सब युक्रेन में शांति बहाली के बाद ही संभव होगा।

इसे भी पढ़ें: 2023 तक आईएमटी खरखौदा के विकसित होने पर कई जिलों को मिलेगा फायदा – उपमुख्यमंत्री

इससे पहले विद्यार्थियों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग बहुत कठिनाइयां झेलकर वापिस आएं हैं, आपको लग रहा होगा जैसे कि युद्ध के मैदान से आए हैं। उन्होंने इन विद्यार्थीयों को बताया कि प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि जिन विद्यार्थियों का कोर्स पूरा हो गया है उन्हें इंटर्नशिप का मौका देंगे। उसके बाद नियम अनुसार एफएमजीए की परीक्षा पास करनी होगी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पूछा कि ऐसी स्थिति में आप बताएं कि क्या किया जा सकता है। विद्यार्थियों ने दिल खोलकर मुख्यमंत्री को सुझाव भी दिए और बताया कि वे कैसे भारत का तिरंगा लगाकर बॉर्डर के पार पहुंचे। भारत का राष्ट्रीय ध्वज लगे वाहन को वहां पर बॉर्डर क्रॉस करने दिया जा रहा है। इसके लिए इन विद्यार्थीयों ने पीएम मोदी और हरियाणा सरकार द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना भी की। जब इन विद्यार्थियों से  पूछा गया कि क्या स्थिति सामान्य होने पर वे फिर से युक्रेन में पढ़ाई करने जाना चाहेंगे तो अधिकतर ने हां में जवाब दिया। सीएम भी इन विद्यार्थियों का जज्बा देख हैरान हुए और सभी को उन्होंने भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

इस मौके पर सीएम श्री मनोहर लाल के साथ पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता, भाजपा जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, जिला भाजपा महामंत्री मनीष गाडोली व महेश यादव तथा मीडिया कॉर्डिनेटर मुकेश वशिष्ठ भी उपस्थित थे।

प्रमुख खबरें

Manik Saha ने पूरा किया वादा: Judo Star Asmita Dey को मिला 10 लाख का Check और अगरतला में अपना घर

Commonwealth Fencing Championship: लागोस में Team India का दबदबा, तीसरे दिन 3 Gold समेत जीते 5 पदक

England Test Captain Joe Root ने खिलाड़ियों पर से हटाया Night Curfew, कहा- अपनी Responsibility खुद समझें Team Members

India vs Sri Lanka Test: Washington Sundar के बाहर होने से Team India की बढ़ी मुश्किलें, लगा बड़ा झटका