By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
भारत ने सोमवार को कहा कि नेपाल के साथ उसके द्विपक्षीय संबंध दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच हुई बातचीत के दौरान अंतिम रूप दिए गए दृष्टिपत्र से निर्देशित होंगे और प्रख्यात व्यक्तियों के समूह (ईपीजी) की लंबे समय से लंबित रिपोर्ट अब प्रासंगिक नहीं रह गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके नेपाली समकक्ष बालेंद्र शाह के बीच यहां हुई बैठक के बाद यह दृष्टिपत्र जारी किया गया। जनवरी 2016 में गठित ईपीजी को 1950 की नेपाल-भारत मैत्री संधि सहित दोनों देशों के बीच हुए समझौतों और संधियों की समीक्षा करने का जिम्मा सौंपा गया था।
ईपीजी ने दोनों देशों की मौजूदा परिस्थितियों के अनुरूप द्विपक्षीय संधियों और समझौतों को अद्यतन करने की सिफारिश की थी। हालांकि, विभिन्न कारणों से रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि भारत को ईपीजी की सिफारिशों पर आपत्ति थी।
दृष्टिपत्र में कहा गया है, जल संसाधन, ऊर्जा, व्यापार एवं वाणिज्य और सीमा से जुड़े मुद्दों सहित सभी लंबित मामलों का समाधान आपसी चर्चा और संवाद के माध्यम से किया जाए। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रेसवर्ता में कहा, ‘‘हम भविष्य को ध्यान में रखकर आगे बढ़ने के दृष्टिकोण पर विचार कर रहे हैं। हम पीछे मुड़कर नहीं देख रहे हैं।
इसलिए, मेरे विचार से आपने जिस रिपोर्ट का जिक्र किया है, वह प्रासंगिक नहीं है। मिसरी ईपीजी की रिपोर्ट और दोनों देशों के बीच लंबे समय से लंबित सीमा विवाद के समाधान के तरीके को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे।