Rajya Sabha Election में विदेश मंत्री Jaishankar के खिलाफ उम्मीदवार उतारने की Congress में हिम्मत क्यों नहीं हुई?

By नीरज कुमार दुबे | Jul 10, 2023

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुजरात से राज्यसभा की सीट के लिए होने वाले चुनाव के वास्ते सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद जयशंकर ने संसद के उच्च सदन में राज्य का प्रतिनिधित्व करने का एक और मौका देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व और गुजरात के लोगों को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और भाजपा की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सी.आर. पाटिल भी जयशंकर के साथ राज्य विधानसभा परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने निर्वाचन अधिकारी रीता मेहता को नामांकन पत्र सौंपा। जयशंकर ने कहा कि एक पड़ोसी देश ने आतंकवादी चुनौती पेश की है लेकिन सरकार इससे मजबूती से निपट रही है और मोदी सरकार देश को सुरक्षित रखेगी।

इसे भी पढ़ें: भारत, तंजानिया के बीच स्थानीय मुद्राओं में सौदों का निपटान शुरूः जयशंकर

पड़ोसी देशों के साथ भारत के संबंधों पर पूछे गए सवाल पर विदेश मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के पिछले नौ वर्षों में नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे देशों के साथ अपने संबंध काफी बेहतर किए हैं। उन्होंने कहा, ''हमने व्यापार व संपर्क बढाया, हमारे रिश्ते बेहतर हुए हैं और सुरक्षा की दृष्टि से भी सुधार हुआ है।’’ जयशंकर ने किसी का नाम लिए बिना कहा, ''एक पड़ोसी देश है जिसने आतंकवाद की चुनौती खड़ी की है, लेकिन हम इस चुनौती से मजबूती से निपट रहे हैं और मुझे विश्वास है कि मोदी सरकार देश को सुरक्षित रखने में सक्षम होगी।’’ 

हम आपको बता दें कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 13 जुलाई है और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 17 जुलाई है। यदि आवश्यक हुआ तो मतदान 24 जुलाई को होगा। जयशंकर ने चार साल पहले पहली बार गुजरात से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया था। गुजरात से राज्यसभा की 11 सीटों में से वर्तमान में आठ पर भाजपा और बाकी पर कांग्रेस का कब्जा है। भाजपा के पास जो आठ सीट हैं, उनमें से एस जयशंकर, जुगलजी ठाकोर और दिनेश अनावाडिया का कार्यकाल 18 अगस्त को समाप्त हो जाएगा। इन तीन सीट के लिए ही चुनाव होना है। भाजपा ने जयशंकर के अलावा अन्य दो सीट के लिए अभी तक उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। हम आपको यह भी बता दें कि कांग्रेस ने गत शुक्रवार को कहा था कि वह गुजरात से राज्यसभा की तीन सीट के लिए होने वाले चुनाव में उम्मीदवार नहीं उतारेगी क्योंकि 182 सदस्यीय विधानसभा में उसके पास पर्याप्त विधायक नहीं हैं। गुजरात में पिछले साल के अंत में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने रिकॉर्ड 156 सीट पर जीत हासिल की थी। वहीं कांग्रेस 17 सीट पर ही जीत दर्ज कर पाई थी।

प्रमुख खबरें

IND vs SL Test: Galle में भारत की Sri Lanka पर बड़ी जीत, Manav Suthar ने 6 विकेट से ढाया कहर

Omar Abdullah नहीं उठाएंगे आंतरिक मुद्दे, US Ambassador सर्जियो गोर के सामने केवल स्थिति पर करेंगे बात

SEBI प्रमुख तुहिन कांत पांडेय ने मुंबई में CAS में हेरफेर करने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

साथ में फोटो खिंचवाने के लिए 80 लाख से ज्यादा वसूलते हैं Trump, अमेरिकी राष्ट्रपति के दरबार तक पहुंच की कीमत का भी खुलासा