By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 10, 2024
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ में कथित शराब घोटाले से जुड़े धनशोधन के मामले में रायपुर के महापौर व कांग्रेस के नेता ऐजाज धेबर के बड़े भाई अनवर धेबर और भारतीय दूरसंचार सेवा (आईटीएस) के एक निलंबित अधिकारी को दोबारा गिरफ्तार किया है।
एजेंसी ने एक बयान में कहा कि दोनों को इस मामले में बृहस्पतिवार को दोबारा गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद रायपुर की एक विशेष धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने उन्हें 14 अगस्त तक के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया।
ईडी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में कथित आबकारी घोटाला 2019 से 2022 के बीच हुआ था, जब राज्य में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सरकार थी। एजेंसी ने कहा है, “छत्तीसगढ़ आबकारी घोटाले के कारण राज्य के राजस्व को भारी नुकसान हुआ और शराब सिंडिकेट ने 2,100 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध धनराशि अर्जित की।