By अंकित सिंह | May 14, 2022
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिमाचल दौरे को लेकर प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस रैली को ऐतिहासिक बताया जा रहा है। साथ ही साथ दावा किया जा रहा है कि इस रैली में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। दरअसल, हाल में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुलाकात की थी। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री से हिमाचल आने का आग्रह किया था जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया है। इस आयोजन को लेकर हिमाचल में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह है। इससे पहले जयराम ठाकुर ने कहा था कि राष्ट्रीय स्तर के समारोह का आयोजन करना हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात होगी। ठाकुर ने प्रधानमंत्री को हिमाचल प्रदेश आने का न्योता दिया था और राज्य तथा यहां की जनता के प्रति विशेष स्नेह के लिए उन्हें धन्यवाद दिया था। उन्होंने राज्य के तेजी से विकास के वास्ते राज्य सरकार को हर तरह से समर्थन देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया था।
शिमला से सांसद कश्यप ने बयान में कहा कि मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में हाल के विधानसभा चुनावों में पार्टी की मिली जीत के बाद हिमाचल प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताउत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के प्रस्तावित शिमला दौरे के बाद उनका उत्साह और बढ़ेगा। कश्यप ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पिछले एक महीने में राज्य के चार संसदीय क्षेत्रों का दौरा किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी भी जल्द ही हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस साल के अंत में होने वाले चुनाव के बाद भाजपा फिर से हिमाचल प्रदेश में अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की राज्य इकाई में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।