By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 07, 2026
(फाइल फोटो के साथ) नयी दिल्ली, सात नवंबर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने आपातकाल लागू करने के फैसले को एक गलती करार दिया और कहा कि उनका मानना है कि उनकी सास और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी बाद में ऐसा ही महसूस हुआ था। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आगामी पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ में यह भी लिखा है कि अगर संजय गांधी को ‘नियंत्रण में’ रखा गया होता तो आपातकाल लागू होने के बाद हुए नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। अखबार ‘द गार्डियन’ की रिपोर्ट से यह जानकारी मिली।
अपने संस्मरण के विमोचन से पहले ब्रिटिश दैनिक को दिए एक साक्षात्कार में सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘मुझे हमेशा लगता है कि श्रीमती (इंदिरा) गांधी दिल से लोकतांत्रिक थीं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता है कि कई लोग इस बात पर हंसेंगे, लेकिन मेरा मानना है कि वह आपातकाल के दौरान अपनाए गए रास्ते को लेकर कभी सहज नहीं थीं। मुझे लगता है कि यह बात उन्हें भीतर ही भीतर परेशान कर रही थी।’’ ब्रिटिश दैनिक के अनुसार, सोनिया गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी का आपातकाल लगाने का फैसला एक गलती थी और उनका मानना है कि उनकी सास को भी बाद में ऐसा ही महसूस हुआ था। सोनिया गांधी के मुताबिक, आपातकाल लगाने के फैसले को लेकर परिवार में मतभेद थे।
उनके पति राजीव गांधी इस फैसले के खिलाफ थे और उन्होंने अपनी मां से अगले चुनाव तक इंतजार करने को कहा था। वहीं, उनके छोटे बेटे संजय गांधी ने आपातकाल लगाने पर जोर दिया था। ‘द गार्डियन’ की खबर के अनुसार, संजय गांधी ने परिवार के साथ एक रात्रिभोज के दौरान तर्क दिया था कि विपक्ष उनकी मां को बर्बाद कर देगा और कहा था, ‘‘उन्हें रोकना ही होगा।’’ सोनिया गांधी के अनुसार, इस फैसले से परिवार के भीतर भी तनाव बढ़ गया था।
राजीव गांधी ने अपनी मां से इस मुद्दे पर बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया। ‘द गार्डियन’ के अनुसार गांधी ने अपनी पुस्तक में लिखा है, ‘‘अगर संजय गांधी को नियंत्रण में रखा गया होता तो उसके बाद हुए नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।’’ अपनी पुस्तक के विमोचन से पहले शनिवार को ‘द हिंदू’ में प्रकाशित एक अन्य साक्षात्कार में भी सोनिया गांधी ने आपातकाल के उथल-पुथल भरे दौर के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि समय बीतने के बाद लोग घटनाओं को बेहतर परिप्रेक्ष्य में देख पाते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इंदिरा गांधी ने बाद में स्वयं सार्वजनिक रूप से आपातकाल के दौरान हुई ज्यादतियों पर खेद जताया था और इसके लिए माफी मांगी थी। सोनिया गांधी से पूछा गया था कि संजय गांधी का नाम आपातकाल का पर्याय कैसे बन गया और क्या इंदिरा गांधी ने अपने बड़े बेटे राजीव गांधी एवं अन्य लोगों की बात सुनी होती तो उस दौरान हुई ज्यादतियों को रोका जा सकता था। उन्होंने जवाब दिया, ‘‘इसमें केवल संजय की भूमिका नहीं थी, हालांकि आम लोगों की नजर में उनका नाम अक्सर आपातकाल से जुड़ा रहा है।
इंदिरा गांधी पर उनके कुछ वरिष्ठ सहयोगियों का भी काफी दबाव था। मुझे लगता है कि उनके आसपास राजीव जैसे बहुत कम लोग थे, जो अलग राय रखते थे।’’ कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि आखिरकार मेरी सास ने अपनी समझ से स्थिति को पहचानना शुरू किया और उसे सुधारने के लिए कदम उठाए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आपातकाल समाप्त होने के बाद ही मुझे उस दौरान की घटनाओं की गंभीरता का पूरी तरह एहसास हुआ। हां, लोकतांत्रिक अधिकारों में कटौती की गई थी और बंदी प्रत्यक्षीकरण के अधिकार पर रोक लगा दी गई थी, लेकिन यह सब संवैधानिक तरीके से किया गया था।’’ सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘फिर भी जब मैं उस दौर को याद करती हूं और इंदिरा गांधी के नजरिये से हालात को समझने की कोशिश करती हूं तो मुझे लगता है कि वह तेजी से बिगड़ती परिस्थितियों से निपटने के लिए संघर्ष कर रही थीं।
हिंसक प्रदर्शन हो रहे थे, सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक परिवहन के वाहनों में आग लगाई जा रही थी, व्यापक स्तर पर संगठित अशांति थी और यहां तक कि नौकरशाही एवं सशस्त्र बलों से आदेशों की अवहेलना करने का आह्वान भी किया जा रहा था।’’ उन्होंने कहा कि बीते समय की घटनाओं को आज बेहतर परिप्रेक्ष्य में समझा जा सकता है। सोनिया गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी ने खुद भी उस समय के हालात को समझा और मार्च 1977 में चुनाव कराने का फैसला किया। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘और आप अच्छी तरह जानते हैं कि बाद में उन्होंने खुद आपातकाल के दौरान हुई ज्यादतियों पर सार्वजनिक रूप से खेद जताया था और माफी मांगी थी।’’ तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 25 जून, 1975 की आधी रात से कुछ पहले देश में आपातकाल लागू किया था।
राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने इंदिरा गांधी के अनुरोध पर आपातकाल की घोषणा की थी जिसे बाद में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी थी। इंदिरा गांधी ने 18 जनवरी, 1977 को नए चुनाव कराने की घोषणा की और सभी राजनीतिक बंदियों को रिहा कर दिया। इंदिरा गांधी और उनके बेटे संजय गांधी 16 मार्च, 1977 को लोकसभा चुनाव हार गए और उसी साल 21 मार्च को आधिकारिक रूप से आपातकाल समाप्त हो गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आपातकाल को लेकर कांग्रेस की कड़ी आलोचना करती रही है और इसे ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ बताती रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार भारतीय लोकतंत्र के उस ‘‘काले दौर’’ की याद में ‘संविधान हत्या दिवस’ मनाती रही है।