By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 07, 2026
लखनऊ, सात नवंबर वाराणसी जोन की पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का कारोबार करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 35 मामले दर्ज कर 48 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश पुलिस ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘वाराणसी जोन के सभी जिलों में अवैध तरीके से पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत अब तक 35 मामले दर्ज किए गए हैं और 48 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’’ उसने कहा कि इस दौरान एक करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक मूल्य के करीब 130 क्विंटल अवैध पटाखे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। यह अभियान देव दीपावली तक जारी रहेगा। पुलिस ने पटाखा कारोबारियों से बिना अनुज्ञापत्र पटाखों का निर्माण, भंडारण और बिक्री नहीं करने की अपील की है।
साथ ही, निर्धारित मानकों और अनुज्ञापत्र की शर्तों का पालन करते हुए केवल सुरक्षित एवं चिह्नित खुले स्थानों पर ही पटाखे बेचने तथा दुकानों में आग बुझाने के पर्याप्त साधन रखने की सलाह दी है।