जम्मू-कश्मीर के कठुआ में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 24, 2025

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास घुसपैठ कर एक घने पौधशाला में छिपे आतंकवादियों को सुरक्षाबलों ने चारों ओर से रविवार को घेर लिया, जिसके बाद दोनों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह गांव अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब पांच किलोमीटर दूरी पर स्थित है। उन्होंने बताया कि छिपे हुए आतंकवादियों ने पुलिस दल पर भारी गोलीबारी की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां क्षेत्र में तैनात कर दी गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पौधशाला के चारों ओर घेराबंदी मजबूत कर दी गई है और आतंकवादियों को ढेर करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों के अनुसार, पौधशाला में लकड़ियां इकट्ठा करने गईं कुछ महिलाओं ने आतंकवादियों को देखा और उन्होंने बताया है कि उनकी (आतंकवादियों) संख्या पांच है।

अधिकारियों के अनुसार, ऐसा माना जा रहा है कि आतंकी कल रात सीमा पार से घुसपैठ कर आए थे और यहां छिपे बैठे हैं। अधिकारियों ने बताया कि सात वर्षीय बच्ची आंचल कुमार को चोट पहुंची है और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हालांकि, अभी तक बच्ची को चोट पहुंचने के सही कारण का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

सेना की राइजिंग स्टार कोर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया, ‘‘आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस और राइजिंग स्टार कोर के जवानों ने 23 मार्च को सान्याल हीरानगर क्षेत्र में एक संयुक्त अभियान शुरू किया। अभियान जारी है।’’

स्थानीय निवासी अनीता देवी (48) ने बताया कि भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने उनके पति को उस समय पकड़ लिया जब वे लकड़ी इकट्ठा करने के लिए पौधशाला गए थे।

देवी ने पीटीआई-को बताया, ‘‘आतंकवादियों ने हथियार के बल पर मेरे पति को बंधक बना रखा था और मुझे भी पास आने को कहा। लेकिन मेरे पति ने मुझे भागने का इशारा किया और मैं भागने लगी। आतंकवादियों में से एक ने मुझे रोकने की कोशिश की, लेकिन मैं चिल्लाने लगी, जिससे घास काट रहे दो और लोगों का ध्यान उनकी ओर गया।’’

उन्होंने कहा कि घटना शाम करीब 4.30 बजे हुई और वे सभी घर लौट आए और पुलिस को सूचना दी। जिला विकास पार्षद करण कुमार ने बताया कि सुरक्षाबलों द्वारा पौधशाला में छिपे आतंकवादियों को मार गिराने के लिए शुरू किए गए अभियान के बाद पूरे इलाके में भारी गोलीबारी शुरू हो गई।

प्रमुख खबरें

World Cup Trophy की चमक और बढ़ी, Gold में Record तेजी से कीमत 6.7 करोड़ रुपये पहुंची

World Cup में कोच की एक चूक ने डुबोई South Korea की नैया, Son Heung-min बेंच पर बैठे रहे

Guillermo Ochoa ने रचा फुटबॉल का नया कीर्तिमान, 6 World Cup खेलकर Ronaldo-Messi के क्लब में शामिल

Crude Oil में गिरावट का असर, Government का संकेत- अब सस्ता हो सकता है हवाई सफर