By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 24, 2019
नयी दिल्ली। भाजपा का कहना है कि जम्मू कश्मीर के विशेष दर्जे को समाप्त करने के केंद्र सरकार के फैसले के पक्ष में जनता का व्यापक समर्थन जुटाने की योजना को इतना पसंद किया जा रहा है कि पार्टी 370 जनसभाएं करने के लक्ष्य से आगे निकलते हुए अब देशभर में 700 से अधिक सभाएं आयोजित कर रही है। भाजपा ने कहा कि गुजरात और कर्नाटक राज्यों में वह हर विधानसभा में जनसभा आयोजित करेगी। इससे पहले इन राज्यों में क्रमश: 19 और 21 सभाओं की योजना थी।
इसे भी पढ़ें: विधान परिषद चुनाव मजबूती से लड़ेगी भाजपा: स्वतंत्र देव सिंह
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और इस कार्यक्रम के सह-संयोजक सत्य कुमार ने कहा, ‘‘लोग इस फैसले की बहुत सराहना कर रहे हैं। विभिन्न राज्यों में इन सभाओं को मिल रहे जबरदस्त समर्थन से यह पता चलता है। हर राज्य में रैलियों की संख्या, हमने जो सोची थी उससे ज्यादा होती जा रही है। अब 700 से ज्यादा सभाएं होंगी।’’भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा समेत शीर्ष पार्टी नेता देशभर में सभाओं को संबोधित कर रहे हैं।