By अभिनय आकाश | May 21, 2025
सुरक्षा बलों ने वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी सफलता हासिल की है। छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ जंगलों में एक भीषण मुठभेड़ में शीर्ष माओवादी नेता नम्बाला केशव राव उर्फ बसवराजू को मार गिराया गया। प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के महासचिव बसवराजू उन 26 माओवादियों में शामिल था जिसे इस अभियान के दौरान मार गिराया गया। यह हाल के वर्षों में माओवाद विरोधी सबसे प्रभावशाली सफलताओं में से एक है। लगभग 70 वर्षीय बसव राजू भारत के सबसे वांछित माओवादी नेताओं में से एक थे, जिनके सिर पर 1.5 करोड़ रुपये का इनाम था। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के जियान्नापेटा गांव के मूल निवासी था। उसने वारंगल में क्षेत्रीय इंजीनियरिंग कॉलेज (आरईसी) से बीटेक की डिग्री हासिल की थी।
रिकॉर्ड में कोई उसकी हालिया तस्वीर भी नहीं थी, जिससे उन्हें ट्रैक करना बेहद मुश्किल हो गया। उनके कार्यक्षेत्र में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र के कुछ हिस्से शामिल थे। बसवराजू ने 1980 में सीपीआई-एमएल (पीपुल्स वार) के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और 1992 में इसकी केंद्रीय समिति का हिस्सा बनने के लिए रैंकों में वृद्धि की।