विंडीज पर दबदबा बरकरार रखने उतरेंगे मार्गन के शेर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 13, 2019

साउथम्पटन। पिछले कुछ वर्षों में इंग्लैंड के लिये वेस्टइंडीज सबसे आसान प्रतिद्वंद्वी रहा है लेकिन शुक्रवार को विश्व कप मैच में जब ये दोनों टीमें आमने सामने होंगी तो इयोन मोर्गन की अगुवाई वाली टीम किसी भी तरह की ढिलायी से बचना चाहेगी क्योंकि कैरेबियाई दल कुछ पल में मैच का पासा पलटने में सक्षम है। इंग्लैंड को पाकिस्तान से हार के बाद खुद के अंदर झांकने का मौका मिला और उसने बांग्लादेश के खिलाफ हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करके बड़ी जीत दर्ज की। दूसरी तरफ से वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को आसानी से शिकस्त दी लेकिन आस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतर स्थिति में होने के बावजूद उसे हार मिली। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसका मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। 

वेस्टइंडीज का सामना अब उस इंग्लैंड से है जिससे वह पिछले कुछ वर्षों से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है। इन दोनों टीमों के बीच जो 101 वनडे खेले गये हैं उनमें 51 में इंग्लैंड और 44 में वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की है लेकिन पिछले दस वर्षों में खेले गये 19 मैचों में कैरेबियाई टीम केवल तीन में जीत हासिल कर पायी है। इंग्लैंड ने इनमें से 14 मैच में जीत दर्ज की है और वह अपना यह दबदबा बरकरार रखने की कोशिश करेगा। इंग्लैंड का मजबूत पक्ष उसकी बल्लेबाजी है। उसके शीर्ष सात बल्लेबाज अकेले दम पर मैच का पासा पलटने का माद्दा रखते हैं। जैसन रॉय ने पिछले मैच में 153 रन बनाकर अपनी फार्म जाहिर की। जॉनी बेयरस्टॉ और जोस बटलर ने अर्धशतक जमाये। 

बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया। वेस्टइंडीज के पास बायें हाथ के बल्लेबाजों की अधिकता को देखते हुए तेज गेंदबाज लियाम प्लंकेट की जगह मोईन अली की अंतिम एकादश में वापसी हो सकती है। आर्चर के लिये यह मैच महत्वपूर्ण होगा क्योंकि वह मूल रूप से वेस्टइंडीज से जुड़े हैं और उन्होंने इसी साल इंग्लैंड की तरफ से खेलने का हक पाया था। क्रिस गेल और आर्चर के बीच रोचक जंग देखने को मिल सकती है। यह देखना दिलचस्प होगा कि आर्चर बायें हाथ के इस बल्लेबाज या बेहतरीन फार्म में चल रहे शाई होप और विस्फोटक आंद्रे रसेल पर कैसे अंकुश लगाते हैं। 

इसे भी पढ़ें: गीले मैदान की वजह से भारत-न्यूजीलैंड मुकाबले के हो रही देरी

वेस्टइंडीज की चिंता बल्लेबाजों को लेकर है। आस्ट्रेलिया के खिलाफ उसके गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन बल्लेबाज अपेक्षित खेल नहीं दिखा पाये। होप के अलावा कप्तान जैसन होल्डर ने भी अर्धशतक जमाया लेकिन फिर टीम 15 रन से हार गयी। वेस्टइंडीज को अगर इंग्लैंड को चुनौती देनी है तो गेल, शिमरॉन हेटमेयर और निकोलस पूरण जैसे बल्लेबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। कैरेबियाई गेंदबाज हालांकि इंग्लैंड के मजबूत बल्लेबाजी क्रम की परीक्षा लेने के लिये तैयार दिखते हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी उन्होंने जल्द ही दो विकेट निकाल दिये थे लेकिन बारिश के कारण यह मैच 7.3 ओवर तक ही चल पाया था। 

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वेस्टइंडीज को अंक बांटने पड़े थे। इस मैच को भी मौसम प्रभावित कर सकता है और ओवरों की संख्या कम हो सकती है। शुरू में बादल छाये रहने की संभावना है जिससे तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी। ऐसे में कोई भी टीम पहले क्षेत्ररक्षण करना पसंद करेगी। टीमें इस प्रकार है: 

इसे भी पढ़ें: भारत से मुकाबले से पहले क्षेत्ररक्षण में सुधार जरूरी: सरफराज

इंग्लैंड: इयोन मोर्गन (कप्तान), मोइन अली, जोफ्रा आर्चर, जॉनी बेयरस्टो, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम कुरेन, लियाम डॉसन, लियाम प्लंकेट, आदिल राशिद, जो रूट, जेसन रॉय, बेन स्टोक्स, जेम्स विंस, क्रिस वोक्स, मार्क वुड।

वेस्टइंडीज: जेसन होल्डर (कप्तान), फैबियन एलेन, डेरेन ब्रावो, शैनन गेब्रियल, शिमरोन हेटमायर, एविन लुईस, निकोलस पूरण, आंद्रे रसेल, कार्लोस ब्रैथवेट, शेल्डर कॉटरेल, क्रिस गेल, शाई होप, एशले नर्स, केमर रोच, ओसाने थॉमस में से।  

प्रमुख खबरें

IRFC में सरकार के Offer For Sale से मचा हड़कंप, Infosys की AI डील ने निवेशकों को बनाया मालामाल।

White House में India के Tariff पर मचा था बवाल, Donald Trump ने अधिकारियों को सरेआम किया खारिज

America से तनाव के बीच Kim Jong Un का बड़ा दांव, North Korea अब समुद्र में बढ़ाएगा परमाणु ताकत

France में Heatwave का जानलेवा कहर, 40 लोगों की मौत, Eiffel Tower भी समय से पहले बंद