By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 14, 2026
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता ई पी जयराजन ने सोमवार को कहा कि पार्टी की राज्य इकाई की विस्तारित समिति की बैठक हाल के विधानसभा चुनावों में मिली हार का कारण बनी कमियों को दूर करने और केरलम में कम्युनिस्ट आंदोलन को ‘‘मजबूती व नई ताकत’’ प्रदान करने में मदद करेगी। माकपा विधानसभा चुनावों में मिली हार के कारणों की समीक्षा के लिए समिति की तीन दिवसीय बैठक कर रही है, जो रविवार को शुरू हुई। जयराजन ने संवाददाताओं कहा कि बैठक में पार्टी के दस्तावेज और चर्चाएं ‘‘सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित रूप से, विस्तारित समिति की यह बैठक केरलम में कम्युनिस्ट आंदोलन और माकपा को अधिक मजबूती एवं ताकत प्रदान करेगी।
यह सिर्फ कन्नूर नहीं है; हमें सभी जिलों में हार का सामना करना पड़ा। वह हार एक सामान्य परिणाम है।’’ उन्होंने कहा कि इस अप्रत्याशित चुनाव परिणाम के कारणों पर व्यापक चर्चा के तहत यह बैठक आयोजित की जा रही है। जयराजन ने कहा, ‘‘हम पूरी पार्टी में इस बात पर स्पष्टता हासिल करने के लिए चर्चा कर रहे हैं कि हार क्यों हुई और विचारों एवं चर्चा को बहुत ध्यान से समझ रहे हैं।
एक बार स्पष्टता हासिल हो जाने के बाद इस पर विचार-विमर्श व चर्चा कर रहे हैं कि कमियों व खामियों को कैसे सुधारा जाए।’’ उन्होंने कहा कि चर्चा और आलोचना कम्युनिस्ट आंदोलन का अभिन्न अंग हैं।