By अनन्या मिश्रा | Nov 17, 2026
आपने अक्सर लोगों को यह कहते हुए सुना होगा कि गंदे पैरों के साथ कभी बिस्तर पर नहीं जाना चाहिए। ऐसा करने से मां लक्ष्मी रूठ जाती हैं। साथ ही यह भी कहा जाता है, जिनके पैर गंदे होते हैं, वहां पर अलक्ष्मी वास करती हैं। पैरों को साफ करके बिस्तर पर जाने की परंपरा पुरानी है। लेकिन आपको अपने पैरों का भी ख्याल रखना चाहिए। अक्सर फेस और हाथों की केयर में पैरों पर ध्यान नहीं जाता है। इसलिए अगर आप फुट केयर को अपने रूटीन में शामिल कर लें, तो आपके पैर हमेशा मुलायक और आकर्षक बने रहेंगे।
वहीं रात में फुट केयर करने से फटी एड़ियों से भी छुटकारा मिल सकता है और शरीर में ब्लड सर्कुलेशन भी अच्छा होता है, जिससे सेहत को कई तरह से फायदा मिलता है। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको नाइट फुट केयर रूटीन के बारे में बताने जा रहे हैं।
नाइट फुट केयर रूटीन शुरू करने से पहले पैरों की समस्या को समझना होगा। इसके लिए पैरों को देखें कि कहां सूजन आ रही है, कॉर्न की समस्या है या नहीं, नाखूनों का रंग कैसा है और एड़िया ज्यादा फटी हैं या कम। आपको इससे यह तय करने में मदद मिलेगी कि आपको किस तरह का फुट केयर चाहिए। अगर एड़ियों में हल्की दरारें हैं, या फिर पैरों के तलवे की स्किन में रूखापन है, तो सही समय है पैरों की देखभाल करने का।
हम पूरा दिन चलते हैं, इस दौरान कई बार पैरों में चप्पल होती है और कई बार नहीं। ऐसे में पैर के तलवे गंदे होते हैं। अगर पैर जूतों में भी बंद रहता है, तो भी उनको बैक्टीरिया, पसीने और नमी में रहना पड़ता है। इसलिए रात को सोने से पहले पैरों को धोना जरूरी होता है।
पैरों को धोने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे न सिर्फ पैरों को आराम मिलता है, बल्कि थकान और सूजन भी दूर होती है। अगर आपके पैर ज्यादा थके हैं, तो कुछ देर सेंधा नमक या इप्सम सॉल्ट डालकर पैरों को भिगो सकते हैं। अधिक गर्म पानी का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। क्योंकि इससे पैरों में खुश्की बढ़ सकती है।
पैरों को साफ करने के बाद अच्छे से पोंछें और ध्यान रहे कि उंगलियों के बीच नमी न रहे। कई बार ऐसा होने पर फंगल इंफेक्शन का जोखिम रहता है। इसलिए तौलिए से पैरों को अच्छे से सुखा लेना चाहिए।
पैरों को सॉफ्ट बनाने के लिए आप पैरों पर मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं। आप कोई भी अच्छी फुट क्रीम, गहराई से नमी देने वाला मॉइश्चराइज या वैसलीन आदि लगा सकती हैं। क्योंकि यहां की स्किन थोड़ी सख्त होती है। इसलिए आपको ऐसी क्रीम लगाना चाहिए। जोकि देर तक नमी बनाए रखे।
पैरों को मॉइश्चराइज करने के लिए तलवों पर एड़ी और अंगूठी की ओर खास ध्यान देना चाहिए। क्योंकि यहां की स्किन ज्यादा रूखी हो जाती है। मॉइश्चराइजर को नाखून के ऊपर और आसपास भी अच्छे से लगाना चाहिए। अगर आपकी एड़ियों में भी क्रैक है, तो क्रैक को हील करने वाली क्रीम लगाएं। बाकी पैरों पर मॉइश्चराइजर लगाएं।
मॉइश्चराइजर लगाने के बाद पैरों की कुछ देर मालिश करनी चाहिए। इससे पैरों की थकान होती है। मालिश करने के लिए पंजों में ऊपर की ओर हड्डियों के बीच की जगह पर अंगूठे से हल्का सा जोर लगाएं और हाथ अंदर से बाहर की ओर ले जाएं। फिर तलवे की ओर पैरों पर तीन चार बार हाथ को ग्लाइड करें। अब तलवे के बीच में अंगूठा रखें और हॉरीजॉन्टल मूवमेंट में बाहर की ओर करें। पूरे तलवे से एड़ी की तरह ऐसा करना है। अब तीन उंगलियों से तलवे पर दबाव डालें और एड़ी से लेकर पंजे तक ग्लाइड करें। लास्ट में एड़ियों पर अंगूठे पर घुमावदार मूवमेंट के साथ प्रेशर देते हुए मसाज करनी चाहिए। ऐसा करने से पैरों को भी आराम मिलेगा।
पैरों की देखभाल के साथ-साथ नाखूनों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर नाखूनों में गंदगी जमा है, तो पहले इसको साफ करें। क्यूटिकल बढ़ने पर क्यूटिकल क्रीम लगाकर सॉफ्ट करें और फिर काटें। नेल्स को फाइल करके अच्छी शेप दें।
इसके साथ ही नाखूनों की रंगत और बनावट पर भी गौर करना चाहिए। अगर नाखूनों में सफेद परत आ रही है, या नाखून अजीब आकार के और पीले पड़ रहे हैं। तो आप इन पर नेलपेंट न लगाएं और किसी डर्मेटेलॉजिस्ट को दिखाएं।