By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 15, 2021
आइजोल| कांग्रेस की मिजोरम इकाई के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालथनहवला ने कहा कि वह जल्दी ही राजनीति से संन्यास लेंगे और पार्टी का नेतृत्व अधिक युवा और ऊर्जावान नेता को सौंपेंगे।
कांग्रेस के 83 वर्षीय दिग्गज नेता ने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने राजनीति से संन्यास लेने का फैसला किया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने 2023 में होने वाला अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।
शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में एक सार्वजनिक भाषण में, कांग्रेस नेता ने अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के अपने इरादे का भी संकेत दिया था।
प्रदेश के पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके ललथनहवला ने कहा कि वह युवा नेताओं के लिए जगह बनाना चाहते हैं, जो अधिक सक्षम और ऊर्जावान हैं और इसलिये वह केवल मौजूदा कार्यकाल (2019-2022) के लिए कांग्रेस का नेतृत्वसंभालेंगे। ललथनहवला ने 1984 से 2018 के बीच पांच बार मुख्यमंत्री का पद संभाला।