By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 03, 2023
मथुरा। भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि के दिन इस बार सात सितंबर (बृहस्पतिवार) की रात को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने के लिए मथुरा में बड़े पैमाने पर तैयारियां जारी हैं और सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम किए जा रहे हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा और सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि इस साल भगवान श्रीकृष्ण के 5250वें जन्मोत्सव के अवसर पर जन्मस्थान की साज-सज्जा, ठाकुरजी की पोशाक और श्रृंगार आदि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शर्मा ने रविवार को कहा, “मंदिर में आने वाले भक्तों को भगवान के दर्शन करने की सुविधा देने के लिए उसके कपाट सुबह 5.30 बजे से देर रात 1.30 बजे तक खुले रहेंगे। यही नहीं, प्रसाद के लिए जल्दी न खराब होने वाली वस्तुएं बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।”
उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर केवल बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में प्रवेश मुख्य द्वार की जगह गोविंद नगर द्वार (गेट संख्या 3) से और निकास मुख्य द्वार (गेट संख्या 1) से होगा। उधर, प्रशासन भी जन्माष्टमी का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के प्रयास में जुटा हुआ है। आगरा जोन की अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अनुपम कुलश्रेष्ठ खुद श्रीकृष्ण जन्मस्थान का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का मुआयना कर चुकी हैं और जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। कुलश्रेष्ठ के अनुसार, इस बार पहले से भी अधिक सुरक्षित एवं सुगम माहौल में दर्शन उपलब्ध कराने की तैयारी है। वहीं, पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) आनंद कुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं की भारी आमद की संभावनाओं को देखते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर तैनात नियमित बल के अलावा, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के जवान भी तैनात किए जाएंगे।