By अभिनय आकाश | Jul 08, 2025
भारत के केरल के तिरुवंतपुरम से आई तस्वीरों ने ब्रिटेन और अमेरिका की इज्जत मिट्टी में मिला दी है। जिस एयरक्रॉफ्ट को दुनिया का सबसे खतरनाक लड़ाकू विमान कहा जाता है। उसी लड़ाकू विमान को भारत में घसीटकर ले जाया जा रहा है। लेकिन इस लड़ाकू विमान को घसीटे जाने के पीछे जो कहानी आप जानकर हैरान रह जाएंगे। दरअसल, ये एयरक्रॉफ्ट एफ-35 बी स्टील्थ फाइटर जेट है। जो पिछले कई दिनों से एक रहस्य को छुपाए भारत में खड़ा रहा। मगर अब इसे और भी बड़े रहस्य की तरफ खींचा जा रहा है।तकनीकी समस्या के कारण 14 जून से केरल के तिरुवंतपुरम में फंसे ब्रिटिश रॉयल नेवी के एफ-35 लड़ाकू विमान को बचाने के लिए ब्रिटेन से एक टीम आ गई है। इस एफ-35 स्टील्थ फाइटर जेट का निर्माण अमेरिका करता है। डोनाल्ड ट्रंप लगातार भारत पर एफ 35 लड़ाकू विमान खरीदने का दबाव बना रहे हैं। लेकिन अब यही फाइटर जेट भारत में मजाक, बेइज्जती और मीम्स का शिकार बन गया है।
प्रवक्ता के मुताबिक ब्रिटेन ने हवाई अड्डे के रखरखाव मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) केंद्र में विमान को ले जाने की पेशकश स्वीकार कर ली है और संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए चर्चा कर रहा है। इस बीच, हवाईअड्डा सूत्रों ने बताया कि लड़ाकू विमान को एमआरओ में ले जाया गया है। ब्रिटेन भारतीय अधिकारियों और हवाईअड्डा टीम के निरंतर समर्थन और सहयोग के लिए बहुत आभारी है। इस विमान की कीमत लगभग 11 करोड़ अमेरिकी डॉलर है जिसे दुनिया के सबसे उन्नत लड़ाकू विमानों में से एक माना जाता है। यह विमान 14 जून को तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरा था।