By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026
केरलम के कोल्लम में एक लापता व्यक्ति की तलाश के दौरान पुलिस को उसके घर में कथित रूप से जाली नोट छापने की इकाई मिली। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कोल्लम शहर के जिला मादक पदार्थ रोधी विशेष कार्रवाई बल (डीएएनएसएएफ) के साथ मिलकर वाडी के कल्लेलिवयाल निवासी सिबियोन के घर की तलाशी ली और उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज किया। अधिकारियों के अनुसार, सिबियोन बाद में खुद लौट आया और उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। उससे आगे की पूछताछ करने और उसके वित्तीय लेनदेन की जांच के दौरान हवाला कारोबार तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में उसकी कथित संलिप्तता का पता चला।
इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार रात उसके घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक डिजिटल प्रिंटर, 500 रुपये के नोट छापने के लिए आवश्यक आकार में काटे गए कागजों के बंडल, नोट गिनने की मशीन और कथित तौर पर जाली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की। पुलिस को संदेह है कि जब्त की गई सामग्री का इस्तेमाल करीब 2.5 करोड़ रुपये के जाली नोट तैयार करने के लिए किया जाना था।
पुलिस ने घर से 43 सॉवरेन सोने के गहने भी बरामद किए। एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में संकेत मिले हैं कि अट्टिंगल निवासी रवि ने सिबियोन को जाली नोट तैयार करने में कथित तौर पर इस्तेमाल होने वाली सामग्री 30 लाख रुपये में उपलब्ध कराई थी। पुलिस को संदेह है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हैं।
पुलिस रवि का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।