गिरा हुआ आदमी (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Jul 17, 2020

बाइक चुरा, उड़ाकर ले जाते हुए युवक ने सड़क किनारे खड़े बंदे को गिराना ही था। वहां रुकने में अब उसे खतरा था। मास्क लगाना अच्छा नहीं लगता था उसे, लेकिन सड़क पर गिर चुके प्रौढ़ व्यक्ति ने लगाया हुआ था। गिर कर उठ न पाया वह व्यक्ति, पता नहीं कहां से आकर सड़क किनारे खड़ा हो गया था। शायद बहुत दिनों से घर में कैद होगा, बाहर की दुनिया भूल गया होगा। यह स्पष्ट है उसे कोरोना नहीं था अगर होता तो ज़रूर समझदारों की तरह घर पर क्वारंटीन ही रहता। उसे देखकर वहां गलती से एक बाइक रुका जिस पर दो बंदे हेलमेट पहने, मास्क लगाए सुरक्षित बैठे थे। वे बात नहीं कर रहे थे।

दोनों अपने आप से पूछने लगे थे कि हम यहां क्यूं रुके। बाइक भी मानने लगा था कि यहां नहीं रुकना चाहिए था। वे गिरे हुए बंदे से मानसिक, सामाजिक व शारीरिक दूरी बनाए हुए थे, पास जाने का तो सवाल ही नहीं था। एक बंदा वीडियो बनाने की सोचने लगा तो दिमाग ने कहा, मास्क पहना हुआ है, सर पर कपड़ा बंधा है इसे कौन पहचानेगा। दूसरा बंदा जीवन में एक और वीडियो बनाने का लोभ संवरण नहीं कर पाया, वह निश्चिंत था उसे काफी लाइक्स और कमेंट्स मिल ही जाएंगे। उसे विशवास था इसके घर वाले शुक्र मना रहे होंगे कि अच्छा हो गया खुद ही निकल गया। अगर बंदा साठ से ऊपर का है तो तर गया समझो।

इसे भी पढ़ें: नकली पायलेट, नकली देश (व्यंग्य)

फाइनली, हमने क्या लेना है का इशारा कर दोनों निकल लिए। उनके जाने के कुछ देर बाद एक अधनंगा भिखारीनुमा व्यक्ति तथाकथित लाश के नज़दीक आया। उसे भी कोरोना बारे पता था, मुंह पर कपडा लपेटे, बेझिझक नज़दीक गया और पूछा, मर गए क्या। मैं जिंदा हूं भाई, उठा नहीं जा रहा, पता नहीं कौन मुझे टक्कर मारकर भाग गया। घर में दुखी हो गया था, चुपके से देखने आया था दुनिया कैसी चल रही है। अधनंगे ने कहा दुनिया तो सलामत है, नंगे ज्यादा इक्कठे हो गए हैं। उसने गिरे हुए आदमी को उठा दिया था, अब वे दोनों सड़क के किनारे बैठ कर इस बारे चर्चा करने लगे थे कि नीली छतरी वाले ने कितनी सुन्दर दुनिया बनाई और स्वार्थी इंसान ने क्या से क्या कर डाला।

संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

विमान में कॉजपा नेताओं को हिरासत में लेने पर Delhi Police की माकपा सांसदों ने की निंदा

Mallikarjun Kharge ने मोदी सरकार को घेरा, बोले- आज देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति

Sir Ganga Ram Hospital सम्मेलन: Air Pollution से पाचन तंत्र के कैंसर का खतरा, शोध की मांग

Navratri Vrat में बनाएं मखनिया Paneer Makhana Tart, नोट करें आसान Recipe