By अंकित सिंह | Nov 10, 2025
जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा हरियाणा के फरीदाबाद से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद करने और एक डॉक्टर को गिरफ्तार करने के बाद, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुस्लिम समुदाय पर विवादित टिप्पणी करते हुए पूछा कि आरोपी एक ही समुदाय से क्यों हैं। सोमवार को एएनआई से बात करते हुए, गिरिराज सिंह ने इस मामले की तुलना 1993 के मुंबई बम धमाकों से की और विस्फोटक ज़ब्त करने के लिए केंद्र सरकार की सराहना की।
उन्होंने कहा कि चाहे राहुल गांधी हों, लालू प्रसाद यादव हों, अखिलेश यादव हों या असदुद्दीन ओवैसी, उन्होंने इस पर कोई बयान नहीं दिया। यह निंदनीय है और लोगों को इसकी चिंता करनी चाहिए। यह देश के लिए एक चौंकाने वाली घटना है। जो लोग कहते हैं कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता, मैं उनसे पूछना चाहता हूँ कि पकड़े गए सभी आतंकवादी मुस्लिम धर्म से ही क्यों होते हैं? इसे हमेशा धर्म से जोड़ा जाता है, जैसे पहलगाम (आतंकी हमला) में हुआ।"
आज सुबह, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जाँच के दौरान भारी मात्रा में आईईडी बनाने की सामग्री और गोला-बारूद बरामद किया। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। गिरिराज सिंह पहले भी अपने सांप्रदायिक बयानों के लिए सुर्खियों में रहे हैं। पिछले महीने, बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक रैली के दौरान उनके "नमक हराम" वाले बयान के लिए उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।