कोविड-19 के बीच IOA की एनएसएफ को सलाह, विदेश में ट्रेनिंग की योजना बनाते हुए सतर्कता बरतें

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 22, 2021

नयी दिल्ली। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने गुरुवार को राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) से अपील की कि कोविड-19 संक्रमण के खतरे के कारण अपने खिलाड़ियों के लिए विदेश में ट्रेनिंग या प्रतियोगिताओं की योजना बनाते हुए वे सतर्कता बरतें। बत्रा ने कहा कि ट्रेनिंग और प्रतियोगिता के लिए विदेश जाने वाले खिलाड़ी और अधिकारी सतर्कता बरतें और अपनी आवाजाही सीमित रखें। भारत में प्रतिदिन कोविड-19 संक्रमण का आंकड़ा गुरुवार को तीन लाख के पार चला गया जबकि दो हजार से अधिक लोगों की मौत हुई।

इसे भी पढ़ें: बढ़ी मुश्किलें! ओलंपिक मशाल रिले में आया पहला कोविड पॉजिटिव मामला

इससे पहले ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके मुक्केबाज आशीष कुमार स्पेन के केस्टेलोन में बॉक्सेम इंटरनेशनल फाइनल की पूर्व संध्या पर कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए थे जिसके बाद उन्हें और उनके साथ कमरा साझा कर रहे सुमित सांगवान (81 किग्रा) और मोहम्मद हुसामुद्दीन (57 किग्रा) को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था। इसके अलावा भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के परीक्षण में पटियाला, बेंगलुरू, भोपाल और दिल्ली में विभिन्न राष्ट्रीय शिविर में हिस्सा ले रहे कई खिलाड़ी पॉजिटिव पाए गए हैं। बत्रा ने कहा कि महासंघों को खिलाड़ियों को विदेश भेजने से पहले पृथकवास से जुड़े नियमों को जांच लेना चाहिए क्योंकि अलग अलग देशों में अलग अलग नियम हैं। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ नीरज चोपड़ा सहित भाला फेंक के खिलाड़ियों और साथ ही धावकों को ट्रेनिंग सह प्रतियोगिता दौरे पर इसी महीने तुर्की भेजने की योजना बना रहा है। भारत की 20 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम पोलैंड में एक और दो मई को होने वाली विश्व रिले प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेगी जहां चार गुणा 100 मीटर और चार गुणा 400 मीटर स्पर्धाओं में शीर्ष आठ में आने वाली टीमें तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेंगी। बत्रा ने कहा, ‘‘हमें यात्रा की पूरी जिम्मेदारी लेनी होगी और खिलाड़ियों को दुनिया भर में फैली महामारी को देखते हुए इसके जोखिम की पूरी जानकारी होनी चाहिए।’’ भारत के लगभग 80 खिलाड़ियों ने तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है जो 23 जुलाई से शुरू होने हैं।

प्रमुख खबरें

हम कांग्रेस का समर्थन करेंगे...बंगाल में नंदीग्राम उपचुनाव से TMC उम्मीदवार के बैकआउट करने के बाद बोलीं ममता बनर्जी

Nandigram Bypoll में बड़ा Twist: सुवेंदु से मुलाकात के बाद TMC Candidate ने वापस लिया नामांकन, ममता ने कांग्रेस को दिया समर्थन

Nitish Kumar संग BJP का रिश्ता सिर्फ सियासी तालमेल नहीं, बोले Ravi Shankar Prasad

Supreme Court ने EPFO वेतन सीमा पर याचिका निपटाई, सरकार का 25000 रुपये का फैसला बना आधार