भारी गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 740 अंक लुढ़का

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 25, 2021

मुंबई। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने से शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट दर्ज हुई। संक्रमण के मामले बढ़ने से स्थानीय स्तर पर फिर से लॉकडाउन की आशंका के बीच बाजार में व्यापक बिकवाली का सिलसिला चला। कारोबारियों ने कहा कि इसके अलावा मासिक डेरिवेटिव्स अनुबंधों के निपटान तथा वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख से भी धारणा प्रभावित हुई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 740.19 अंक या 1.51 प्रतिशत के नुकसान से 48,440.12 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 224.50 अंक या 1.54 प्रतिशत टूटकर 14,324.90 अंक पर आ गया। सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति सुजुकी का शेयर सबसे अधिक 3.98 प्रतिशत टूट गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, बजाज ऑटो, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी नुकसान में रहे। वहीं दूसरी ओर डॉ. रेड्डीज, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी और एचडीएफसी के शेयरों में लाभ दर्ज हुआ।

इसे भी पढ़ें: Barbeque Nation का आईपीओ पहले ही दिन हुआ 1.33 गुना सब्सक्राइब

बीएसई का बाजार पूंजीकरण तीन फरवरी, 2021 के बाद पहली बार 2,00,000 करोड़ रुपये से नीचे आ गया। पिछले दो दिन के दौरान बाजार पूंजीकरण 5,000 करोड़ रुपये से अधिक घटा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 53,476 नए मामले आए हैं। इस तरह संक्रमण का आंकड़ा 1,17,87,534 पर पहुंच गया है। अन्य एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नीचे आए। वहीं जापान के निक्की और दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में लाभ रहा। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार नुकसान में थे। इस बीच, वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 1.35 प्रतिशत के नुकसान से 63.54 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया सात पैसे टूटकर 72.62 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,951.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर