'नायक फिल्म के नायक जैसा महसूस कर रही हूं', अचानक दिल्ली की CM चुने जाने के सवाल पर बोलीं रेखा गुप्ता

By अंकित सिंह | Mar 07, 2025

दिल्ली की मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि जब उन्हें इस पद के लिए चुना गया तो उन्हें बॉलीवुड फिल्म 'नायक' के नायक जैसा महसूस हुआ। इस टिप्पणी को पिछली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर परोक्ष कटाक्ष के रूप में देखा जा सकता है। यह बयान फिल्म में अभिनेता अनिल कपूर के किरदार के संदर्भ में है जिसमें वह मुख्यमंत्री बनते हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई ‘लॉटरी’ नहीं बल्कि देश की सभी बेटियों के लिए सम्मान है।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार तीन साल में यमुना की सफाई सुनिश्चित करेगी, यमुना में नौका सेवा शुरू करेगी और अगले दो वर्षों में तीन ‘लैंडफिल साइट’ को 80-90 प्रतिशत तक कम करेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की अन्य प्राथमिकताएं यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली के लोगों को गर्मियों में पानी की कमी और मानसून के दौरान जलभराव का सामना नहीं करना पड़े। मुख्यमंत्री पद के लिए कई वरिष्ठ नेताओं और विधायकों के मुकाबले उन्हें तरजीह दिए जाने के बारे में पूछे जाने पर गुप्ता ने कहा, ‘‘किसी को कोई गलतफहमी नहीं होनी चाहिए। यह जीत दिल्ली की जनता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की वजह से है।’’ गुप्ता ने कहा, ‘‘यह कोई पद नहीं है, यह एक काम और जिम्मेदारी है। हमारा लक्ष्य विकसित भारत के लिए विकसित दिल्ली बनाना है।’’ 

इसे भी पढ़ें: विकसित दिल्ली के लिए CM रेखा गुप्ता ने जनता से मांगे सुझाव, व्हाट्सएप नंबर भी किया जारी

गुप्ता ने कहा कि एक महिला को मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त करना पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी का एक बहुत ही महत्वपूर्ण दृष्टिकोण है और यह केवल एक ‘‘प्रतीकात्मक बदलाव’’ नहीं है, बल्कि महिलाओं को निर्णय लेने वाले उच्च पदों पर पदोन्नत करने का एक वास्तविक प्रयास है। गुप्ता ने कहा कि यह एक सपने के सच होने जैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अपने रास्ते पर आगे बढ़ रही थीं और तभी उन्हें इस पद के लिए चुना गया। दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं ‘नायक’ फिल्म के नायक जैसा महसूस कर रही हूं। मैं यह नहीं कहूंगी कि यह लॉटरी लगने जैसा था। यह देश की सभी बेटियों का सम्मान है और मोदी जी ने महिला-नेतृत्व वाले विकास और महिला-नेतृत्व वाली सरकार के दृष्टिकोण को साकार किया है।’’

प्रमुख खबरें

Iran में Khamenei के लिए मातम, USA-Israel को चेतावनी- जरा सी गलती पर होगा बड़ा हमला

Nothing Phone 4a खरीदने वालों को बड़ा झटका, New Launch से पहले तीसरी बार बढ़े दाम

Pro League में Team India का खराब प्रदर्शन, दिग्गज PR Sreejesh ने कोच Craig Fulton से पूछे चुभते सवाल।

FIFA World Cup 2026: Airport Security पर शांत खड़े रहे Lionel Messi, वायरल वीडियो ने मचाई धूम