FIFA World Cup 2026: Round of 32 की जंग शुरू, Argentina-Brazil समेत ये दिग्गज टीमें आगे

By Ankit Jaiswal | Jun 29, 2026

फुटबॉल विश्व कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। ग्रुप स्टेज के सभी मुकाबले पूरे होने के बाद अंतिम 32 टीमों की तस्वीर साफ हो गई है। अब 28 जून से 3 जुलाई के बीच खेले जाने वाले नॉकआउट मुकाबलों में हर मैच करो या मरो का होगा। हारने वाली टीम का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा, जबकि विजेता टीमें अगले दौर में जगह बनाएंगी। बता दें कि इस बार विश्व कप का नया प्रारूप अपनाया गया है, जिसके तहत पहली बार 48 टीमों ने हिस्सा लिया और उनमें से 32 टीमें नॉकआउट चरण में पहुंची हैं।

गौरतलब है कि मौजूदा विश्व विजेता अर्जेंटीना ने पूरे समूह चरण में प्रभावशाली खेल दिखाया। कप्तान लियोनेल मेसी ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल दागते हुए अपनी टीम को अगले दौर में पहुंचाया। इसी के साथ मेसी विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक 18 गोल करने वाले खिलाड़ी भी बन गए। वहीं फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे ने भी लगातार शानदार प्रदर्शन किया और टीम को आसानी से अगले दौर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

दक्षिण अमेरिका की एक और मजबूत टीम ब्राजील ने भी स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर समूह में पहला स्थान हासिल किया। विनीसियस जूनियर ने इस मुकाबले में दो गोल किए। वहीं मोरक्को ने भी सात अंकों के साथ अगले दौर में जगह बनाई। स्विट्जरलैंड, कनाडा और बोस्निया और हर्जेगोविना ने भी अपने समूह से आगे बढ़ने में सफलता हासिल की। बोस्निया और हर्जेगोविना सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में शामिल रही।

यूरोप की पारंपरिक मजबूत टीमों में नीदरलैंड, बेल्जियम, स्पेन, पुर्तगाल, इंग्लैंड, क्रोएशिया और ऑस्ट्रिया ने भी अंतिम 32 में जगह बनाई। जापान, ऑस्ट्रेलिया, पराग्वे, मिस्र, केप वर्डे, सेनेगल, आइवरी कोस्ट, इक्वाडोर, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और अल्जीरिया भी अगले दौर तक पहुंचने में सफल रहे। मौजूद जानकारी के अनुसार दक्षिण अफ्रीका ने भी पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण में पहुंचकर इतिहास रच दिया है। इसी तरह केप वर्डे ने भी अपने पहले ही विश्व कप में अंतिम 32 तक पहुंचकर सभी को चौंका दिया है।

दूसरी ओर कई मजबूत और चर्चित टीमों का सफर समूह चरण में ही समाप्त हो गया। हैती सबसे पहले प्रतियोगिता से बाहर होने वाली टीम बनी। इसके बाद तुर्किये, ट्यूनीशिया, जॉर्डन, पनामा, कतर, चेकिया, कुराकाओ, न्यूजीलैंड, उरुग्वे, सऊदी अरब, इराक, ईरान, स्कॉटलैंड, उज्बेकिस्तान और दक्षिण कोरिया भी अगले दौर में जगह नहीं बना सके। इनमें उरुग्वे, दक्षिण कोरिया और स्कॉटलैंड जैसी टीमों का बाहर होना कई फुटबॉल विशेषज्ञों के लिए बड़ा उलटफेर माना जा रहा है।

बता दें कि इस बार कई नई और उभरती टीमों ने भी शानदार प्रदर्शन कर दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। नॉर्वे ने 28 वर्षों बाद विश्व कप में वापसी करते हुए अंतिम 32 में जगह बनाई, जबकि कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य ने भी पहली बार नॉकआउट चरण में प्रवेश किया है।

अब सभी की नजर नॉकआउट मुकाबलों पर टिकी हुई है, जहां हर टीम के सामने केवल जीत ही विकल्प होगी। अर्जेंटीना, ब्राजील, फ्रांस, जर्मनी और स्पेन जैसी दिग्गज टीमें खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं, लेकिन विश्व कप के इतिहास में नॉकआउट चरण हमेशा उलटफेर के लिए जाना जाता रहा है। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में रोमांच, दबाव और कड़ी प्रतिस्पर्धा का स्तर पहले से कहीं अधिक देखने को मिलने की उम्मीद हैं।

प्रमुख खबरें

Russian Army में भर्ती न हों भारतीय नागरिक, Ministry of External Affairs ने जारी की एडवाइजरी

Allahabad High Court का निर्देश, पुलिस थानों में 24 घंटे चालू रहने चाहिए CCTV कैमरे

Delhi में सबसे गोल-मटोल कुत्ते के खिताब के लिए Gola और Gugu के बीच फाइनल मुकाबला

सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार: AAP ने मंत्री Parvesh Verma के खिलाफ ACB में दर्ज कराई शिकायत