Russian Army में भर्ती न हों भारतीय नागरिक, Ministry of External Affairs ने जारी की एडवाइजरी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 30, 2026

विदेश मंत्रालय ने रूस जाने वाले भारतीय नागरिकों के लिए बुधवार को एक परामर्श जारी किया, जिसमें उन्हें रूसी सेना में भर्ती होने से बचने की सलाह देते हुए कहा गया है कि वे ऐसे कदमों की गंभीरता पर विचार करें और समझें कि इससे वे खुद को जानलेवा परिस्थितियों में डाल देंगे। विदेश मंत्रालय ने परामर्श में यह भी कहा है कि “उसके सामने ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें लोग अपनी मर्जी से रूसी सेना में शामिल होने की पेशकश स्वीकार कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि वे इसके बदले आर्थिक लाभ सहित अन्य फायदे हासिल कर सकेंगे और बाद में भारत सरकार से संपर्क करके सेवा से छूट पा लेंगे।” परामर्श में कहा गया है, “फिर से दोहराया जाता है कि यह एक खतरनाक रास्ता है और सरकार ऐसा करने से सख्ती से मना करती है।” मंत्रालय ने इस बात को रेखांकित किया है कि रूसी सेना में शामिल सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, कुशल-क्षेम और समयपूर्व सेवामुक्ति के लिए भारत सरकार रूसी पक्ष के साथ “लगातार संपर्क” में है। परामर्श के मुताबिक, भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे ऐसे एजेंट से नौकरी के प्रस्ताव स्वीकार करने से पहले “पूरी सावधानी बरतें”, जो विदेश मंत्रालय के साथ पंजीकृत नहीं हैं।

साथ ही, समय-समय पर भारतीय नागरिकों को विदेश में नौकरी के अवसर तलाशते समय सावधानी बरतने और अनजान व्यक्तियों की ओर से दिए जाने वाले नौकरी के प्रस्ताव के झांसे में न आने की सलाह दी गई है।” परामर्श के अनुसार, “ऐसे कई मामले भी सामने आए हैं, जिनमें लोगों ने भारतीय नागरिकता स्वेच्छा से छोड़ने, रूसी पासपोर्ट स्वीकार करने और रूसी सशस्त्र बलों में भर्ती होने के लिए भारतीय अधिकारियों से संपर्क किया है। कुछ लोगों ने तो भारतीय अधिकारियों से सलाह लिए बिना ही ऐसा कर लिया है, क्योंकि वे कुछ समय के लिए मिलने वाले आर्थिक लाभ के लालच में आ गए।” इसमें कहा गया है कि नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे ऐसे कामों की गंभीरता पर विचार करें और समझें कि वे खुद को किस जानलेवा खतरे में डाल रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Allahabad High Court का निर्देश, पुलिस थानों में 24 घंटे चालू रहने चाहिए CCTV कैमरे

Delhi में सबसे गोल-मटोल कुत्ते के खिताब के लिए Gola और Gugu के बीच फाइनल मुकाबला

सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार: AAP ने मंत्री Parvesh Verma के खिलाफ ACB में दर्ज कराई शिकायत

Ukraine के Power Grid पर Russia का बड़ा हमला, एक बच्चे समेत 7 नागरिकों की मौत