By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026
कोच्चि शहर की साइबर अपराध पुलिस ने एक व्यक्ति की सहमति के बिना उसका मोबाइल नंबर मलयालम फिल्म ‘ऑफिसर ऑन ड्यूटी’ में दिखाने के आरोप में फिल्म निर्देशक मार्टिन प्रक्काट और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। त्रिक्काकारा निवासी अक्षय प्रकाश (26) की याचिका पर एर्नाकुलम के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के आदेश के बाद बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।
प्राथमिकी में प्रक्काट के अलावा ‘मार्टिन प्रक्काट मूवीज’ से जुड़े सिबी चावरा और रंजीत नायर को भी आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता की जानकारी या सहमति के बिना उसके मोबाइल नंबर को फिल्म में एक महिला किरदार के फोन नंबर के रूप में दिखाया गया था। प्राथमिकी में कहा गया कि इसके बाद शिकायतकर्ता को कथित तौर पर बार-बार परेशान करने वाले और धमकी भरे फोन तथा अश्लील संदेश मिलने लगे, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और व्यक्तिगत साख को नुकसान पहुंचा तथा उसे मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और केरल पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त ए. अनंतलाल मामले की जांच कर रहे हैं।