By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 19, 2020
मालदा। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में बृहस्पतिवार को एक प्लास्टिक फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कम से कम पांच व्यक्तियों की मौत हो गयी जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे सुजापुर इलाके में हुई। उन्होंने बताया, ‘‘फैक्ट्री में काम करने वाले चार श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक अन्य को अस्पताल में मृत घोषित किया गया। इस विस्फोट में पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।’’
राज्य के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने इस घटना पर दुख जताया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को ‘‘अवैध बम बनाने’’ पर रोक लगाने और ‘‘पेशेवर गैर-पक्षपातपूर्ण जांच’’ सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मालदा जिले के सुजापुर इलाके में विस्फोट में हुई मौतों से व्यथित हूं। एसपी के मुताबिक पांच लोगों की मौत हुई है और पांच अन्य घायल हुए हैं। यह समय है कि ममता बनर्जी अवैध रूप से बम निर्माण पर रोक लगायें और पेशेवर गैर-पक्षपातपूर्ण जांच सुनिश्चित करें।’’ धनखड़ ने प्रशासन से घायलों को चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।