By अनन्या मिश्रा | Jul 17, 2026
भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार रवि किशन आज यानी की 17 जुलाई को अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। अभिनेता न सिर्फ भोजपुरी फिल्मों बल्कि बॉलीवुड फिल्मों में भी नजर आ रहे हैं। इसके अलावा रवि किशन को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी देखा जा रहा है। अभिनेता रवि किशन ने फिल्म इंडस्ट्री में एक लंबा सफर तय किया है। तो आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर अभिनेता रवि किशन के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...
अभिनय के शौक की वजह से रवि किशन के पिता ने उनको लेदर की बेल्ट से पीटा था। महज 17 साल की उम्र में अपनी मां से 500 रुपए लेकर मुंबई भाग गए। अपने सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने घर-परिवार छोड़ दिया। रवि किशन की मां उनके सपनों का समर्थन करती थीं।
भोजपुरी फिल्मों में अपना जलवा कायम करने के साथ ही रवि किशन ने बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री में भी शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि जब वह अपने घर मुंबई आए थे, तो काफी संघर्ष के बाद साल 1992 में उनको बी-ग्रेड की फिल्म 'पीतांबर' में काम करने का मौका मिला था। लेकिन रवि किशन की किस्मत का सितारा तब चमका, जब सलमान खान की फिल्म 'तेरे नाम' में उन्होंने भूमिका चावला के मंगेतर का रोल निभाया था। इस फिल्म के किरदार ने उनको फेमस कर दिया। इसके बाद रवि किशन ने एक के बाद एक कई फिल्मों में काम किया। रवि किशन ने भोजपुरी में 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।
फिल्मों में सफलता पाने के लिए रवि किशन ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। फिल्मों में काम करने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। वह राजनीति में भी एक्टिव हैं और वर्तमान समय में रवि किशन भारतीय जनता पार्टी से गोरखपुर से सांसद हैं।