स्वास्थ्य और ख़ुशी के लिए (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Aug 19, 2025

पिछले दिनों एक गिफ्ट बॉक्स आया। यह उपहार अनापेक्षित था लेकिन था आकर्षक। इसका डिब्बा बढ़िया, पतले, सख्त गत्ते से बना था जिस पर रंगीन कागज़ लगा था। पैक  का कवर आकर्षक रंगों के से बना था जिस पर छपा था, ‘स्वास्थ्य और ख़ुशी से भरे लम्हों के लिए।’ स्वास्थ्य और ख़ुशी के लिए हम क्या क्या नहीं करते। सुबह सुबह उपदेश देना देना शुरू कर देते हैं। सेहत के नुस्खे उगाने लगते हैं। खैर, पैक खोला तो इसमें प्लास्टिक की चार छोटी डिब्बियों में स्वास्थ्य और खुशी के लिए सामान था। एक तरफ पोली कपड़े की पोटली में नकली तेज़ गंध वाले जंगली फूल थे। इसे सांसों की सेहत सुधारने वाली स्वास्थ्यवर्धक सुगंध नहीं कहा जा सकता। मेरी संवेदनशील नाक को भी यह नहीं भायी। 

इसे भी पढ़ें: सत्ता की कुर्सी, जनता की फ़ाइल (व्यंग्य)

दूसरे कंटेनर में स्ट्रॉबेरी ब्लास्ट यानी स्ट्रॉबेरी धमाका था जिसे सेंसेशन भी बताया गया था। स्ट्रॉबेरी और दूसरी चीजों का मिश्रण यह स्वादिष्ट धमाका 135 रूपए का 80 ग्राम रहा यानी 1690 रूपए किलो। तीसरी डिबिया में प्रोटीन रिच बीटन चना, जिसे हिंदी में पीटा हुआ चना कहते हैं। यह 60 रुपए का साठ ग्राम यानी सिर्फ छ सौ रूपए किलो रहा। सबसे प्रभावशाली रहा, ‘पोटैटो फ्लेक्स टेंगी मसाला’। इसका दाम पढ़कर मेरी सेहत पर काफी असर पड़ा। चालाक बाज़ार एक ग्राम आलू दो रूपए में खिला रहा है यानी खर्चने की खुशी दोगुना गुना बढ़ जाए और गर्व महसूस हो कि हमने भी कुछ ज़बर्दस्त खाया है।  

इस उपहार के निर्माता से बात करते तो वह खुले दिल से जोर से हंसकर ऐसे कहते, हमारा तो कर्तव्य यही है। हर चीज़ को शानदार पैक कर उसे ऐसा बना देना कि लोग कहें क्या पैकिंग की है। ऐसे चीज़ नहीं पैकिंग बिकती है। अगर बिकनी शुरू हो जाए तो फिर नाम बिकने लगता है। मैं उससे पूछता कि आपने 20 ग्राम आलू, चालीस रूपए के बेच दिए यानी एक किलो आलू दो हज़ार रूपए के यानी एक ग्राम... । वो बोलता, सर मैं बताता हूं, एक ग्राम दो रूपए के। मैं पूछता, किस रेट से खरीदते हो तो वो बेशर्म होकर बोलता, सर हर धंधे के गुर और राज़ होते हैं। असली चीज़ तो बेचने का मसाला होता है जो सब कुछ बिकवाता है। 

इस किस्म की चीज़ें, सेहत और खुशी बनाए रखने के लिए खानी ज़रूरी हैं। एक बार मिली ज़िंदगी में स्वास्थ्य और खुशी बारे ज्यादा सवाल नहीं करने चाहिएं। पैसा तो क्रेडिट कार्ड की मैल है।

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने लखनऊ में पकड़ी हेरोइन फैक्ट्री, चार तस्कर अरेस्ट

Bihar के Saran में बाढ़ पीड़ितों पर Pistol तानने वाले Maker SHO Sangram Singh सस्पेंड

US ने बदला फैसला, RAF Fairford से सभी B-1 Bomber सीधे अमेरिका के होम बेस भेजे

Social Media ट्रायल बड़ी वजह? आखिर Jantar Mantar पर Delhi Police के जवानों की वर्दी से क्यों गायब है नेम टैग?