भारतीय जनता पार्टी राज्यसभा में कांग्रेस को सीटों को मामले में पछाड़ते हुये उच्च सदन की सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है। उच्च सदन में अब उसके 58 सदस्य हैं जबकि मुख्य विपक्षी दल के पास सिर्फ 57 सांसद हैं। मध्य प्रदेश में हुये उपचुनाव के बाद उच्च सदन में निर्वाचित भाजपा सांसद साम्पतिया उइके ने गुरुवार को शपथ ली।
केंद्रीय मंत्री अनिल माधव दवे के निधन के बाद इस सीट पर चुनाव की जरूरत पड़ी। नरेंद्र मोदी सरकार के मई 2014 में सत्ता में आने के बाद यह पहला मौका है जब राज्यसभा में भगवा पार्टी के सबसे ज्यादा सांसद हैं। भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के पास हालांकि अब भी उच्च सदन में निर्णायक बहुमत नहीं है लेकिन जदयू के साथ आने से उसकी ताकत जरूर बढ़ी है।