By दिनेश शुक्ल | May 02, 2021
भोपाल।मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह राठौर का रविवार शाम निधन हो गया। वे कोरोना संक्रमित थे और भोपाल के चिरायु अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनका ऑक्सीजन लेवल लगातार कम बना हुआ था, जिसके बाद रविवार शाम उन्होंने चिरायु अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि कांग्रेस के महामंत्री राजीव सिंह ने की। पूर्व मंत्री बृजेन्द्र सिंह राठौर के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह सहित अनेक नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
पूर्व मंत्री राठौर के निधन पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि ‘पूर्व मंत्री बृजेन्द्र सिंह राठौर के दुःखद निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक व व्यथित करने वाला है। वे मेरे बेहद प्रिय होकर, सहज, सरल व्यक्तित्व के धनी व पार्टी के प्रति बेहद निष्ठावान व समर्पित थे। उनका निधन कांग्रेस परिवार व मेरे लिये व्यक्तिगत क्षति है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान व पीछे परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे। वही दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा कि बृजेंद्र राठौर नहीं रहे। मेरे निकटतम साथी योग्य राजनेता लोकप्रिय जन नेता इतनी जल्दी चले जाएँगे कभी सोचा भी नहीं था। मेरे पारिवारिक सदस्य चले गए। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। मध्य प्रदेश में 2018 में बनी कांग्रेस की कमलनाथ सरकार में बृजेन्द्र सिंह राठौर आबकारी मंत्री बनाए गए थे।