Tata Technologies के पूर्व CEO Patrick McGoldrick ने बेचे 165 करोड़ रुपये के शेयर

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 05, 2026

नयी दिल्ली, पांच सितंबर टाटा टेक्नोलॉजीज के पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक पैट्रिक रेमन मैकगोल्ड्रिक ने शुक्रवार को बीएसई पर खुले सौदे के जरिये कंपनी में करीब 165 करोड़ रुपये के शेयर बेचकर अपनी हिस्सेदारी घटा दी। मैकगोल्ड्रिक ने चार चरणों में 21 लाख शेयर बेचे, जो पुणे स्थित वैश्विक उत्पाद इंजीनियरिंग और डिजिटल सेवा कंपनी में 0.51 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर हैं। शेयर 785 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर बेचे गए, जिससे लेनदेन का कुल मूल्य 164.85 करोड़ रुपये रहा।

शेयर बिक्री के बाद टाटा टेक्नोलॉजीज में मैकगोल्ड्रिक की हिस्सेदारी 1.13 प्रतिशत से घटकर 0.62 प्रतिशत रह गई। मैकगोल्ड्रिक ने कंपनी के साथ 20 साल तक काम करने के बाद सितंबर 2014 में टाटा टेक्नोलॉजीज के सीईओ एवं एमडी पद से सेवानिवृत्ति ली थी। मैकगोल्ड्रिक की लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, वह फिलहाल आरएनटी एसोसिएट्स इंटरनेशनल पीटीई लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक हैं।

यह रतन टाटा की कंपनी है, जो नई प्रौद्योगिकियों और कारोबारी मॉडलों वाली कंपनियों को परामर्श सेवाएं देने के साथ उनमें निवेश करती है। मैकगोल्ड्रिक ने टाटा समूह में इंजीनियरिंग सेवा कंपनी के निर्माण और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। नवंबर 2017 में उनकी जगह वॉरेन हैरिस ने ली थी।

प्रमुख खबरें

पूर्व राष्ट्रपति Ram Nath Kovind पहुंचे वृंदावन, 18 नवंबर को करेंगे दिव्यांग कल्याण शिविर की शुरुआत

UEFA Nations League में England ने Spain को 3-2 से हराया, 10 खिलाड़ियों संग दर्ज की जीत

Rajiv Gandhi संग रोमांस को Sonia Gandhi ने बताया जादुई, साझा कीं यादें

UP में Voter List दुरुस्त करने के लिए 17 से 20 नवंबर तक बूथों पर चलेगा सत्यापन अभियान