वुहान में चार पाकिस्तानी छात्रों पर बरसा कोरोना वायरस का कहर, निगरानी में रखा गया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 29, 2020

इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने बुधवार को बताया कि चीन के शहर वुहान में उसके चार छात्र कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। स्वास्थ्य मामलों पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विशेष सहायक जफर मिर्जा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 500 से अधिक पाकिस्तानी छात्र चीन के वुहान में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि चार छात्रों के कोरोना वायरस से पीड़ित होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने अधिकारियों से उनके परिवारों को यह जानकारी देने को कहा है कि सरकार उनके इलाज का पूरा खर्चा उठाएगी।

मिर्जा ने कहा कि पाकिस्तान में कोरोना वायरस का अभी कोई मामला सामने नहीं आया है। चार संभावित पीड़ितों पर नजर रखी जा रही है और उनका स्वास्थ्य बेहतर हो रहा है। इससे पहले पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बताया था कि सैकड़ों कारोबारियों के अलावा 28,000 पाकिस्तानी छात्र चीन में हैं। चीन में घातक कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है और इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 132 हो गई है। करीब 6,000 लोगों के इसकी चपेट में आने की भी पुष्टि की गई है।

इसे भी पढ़ें: चीन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 132 हुई, करीब 6,000 मामलों की पुष्टि

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि वायरस संक्रमण अगले 10 दिन में चरम पर पहुंच जाएगा जिसके परिणाम स्वरूप बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो सकती है। कोरोना वायरस विषाणुओं का एक बड़ा समूह है लेकिन इनमें से केवल छह विषाणु ही लोगों को संक्रमित करते हैं। इसके सामान्य प्रभावों के चलते सर्दी-जुकाम होता है लेकिन ‘सिवीयर एक्यूट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम’ (सार्स) ऐसा कोरोनावायरस है जिसके प्रकोप से 2002-03 में चीन और हांगकांग में करीब 650 लोगों की मौत हो गई थी।

इसे भी देखें- Coronavirus ने मचाई दुनियाभर में दहशत, क्या है इसके लक्षण और बचाव के उपाय

प्रमुख खबरें

CEC ज्ञानेश कुमार के दिल्ली आवास के बाहर Youth Congress का लाठियों के साथ प्रदर्शन

Odisha Flood: 13 जिलों में नदियां उफान पर, 70 हजार से अधिक लोग राहत शिविरों में भेजे गए

उदयपुर में 2 करोड़ की घूस लेते दलाल अरेस्ट, Rajasthan ACB ने SOG के एडिशनल एसपी को भी पकड़ा

BJP सांसद Sambit Patra का Congress पर हमला, संस्थाओं को बदनाम करने का लगाया आरोप