अमेरिका के फेडएक्स कंपनी के परिसर में गोलीबारी, सिख समुदाय के चार लोगों की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 17, 2021

वाशिंगटन। अमेरिका के इंडियाना राज्य में ‘फेडएक्स’ कंपनी के एक परिसर में गोलीबारी की घटना में सिख समुदाय के चार व्यक्तियों समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। समुदाय के नेताओं ने यह जानकारी दी। बंदूकधारी हमलावर की पहचान इंडियाना के 19 वर्षीय ब्रेंडन स्कॉट होल के रूप में की गई है जिसने इंडियानापोलिस में स्थित फेडएक्स कंपनी के परिसर में बृहस्पतिवार देर रात गोलीबारी करने के बाद कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। डिलीवरी सेवा प्रदाता कंपनी के इस परिसर में कार्यरत 90 प्रतिशत से अधिक कर्मचारी भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक बताए जाते हैं जिनमें ज्यादातर सिख समुदाय के हैं। सिख समुदाय के नेता गुरिंदर सिंह खालसा ने फेडएक्स परिसर के कर्मचारियों के परिजनों से मुलाकात करने के बाद फोन पर पीटीआई-से कहा, “यह बेहद दुखद है। इस त्रासद घटना से सिख समुदाय आहत है।” शुक्रवार देर रात, मेरियन काउंटी कोरोनर कार्यालय और इंडियानापोलिस मेट्रोपोलिटन पुलिस विभाग (आईएमपीडी) ने मृतकों के नाम का खुलासा किया। मृतकों में अमरजीत जोहल (66), जसविंदर कौर (64), अमरजीत (48) और जसविंदर सिंह (68) शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: न्यूयॉर्क के हडसन नदी में मिला भारतीय मूल के गणितज्ञ का शव, मानसिक बीमारी से जूझ रहा था शख्स

खालसा ने कहा कि समुदाय के नेता अधिकारियों के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा, “9/11 के बाद से सिख समुदाय ने बहुत कुछ झेला है। अब वह समय आ गया है जब इस प्रकार की गोलीबारी की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। अब बहुत हो चुका।” इंडियाना में सिख समुदाय के लगभग 10 हजार लोग रहते हैं। इस समुदाय के खालसा जैसे लोग परोपकारी कार्यों में शामिल हैं। उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने संवाददाताओं से कहा, “हमारे देश में ऐसे परिवार हैं जो हिंसा के कारण अपने परिजनों को खो चुके हैं। बेशक इस हिंसा का अंत होना चाहिए। हम उन परिवारों के प्रति चिंतित हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है।” बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर पुलिस के आने से पहले हमलावर ने खुद को गोली मार ली। फेडएक्स ने इसकी पुष्टि की है कि उक्त हमलावर इंडियानापोलिस में कंपनी का पूर्व कर्मचारी था। आगे की जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

प्रमुख खबरें

Supreme Court: जस्टिस शील नागू पंजाब सरकार की याचिका की सुनवाई से अलग हुए

SP प्रमुख Akhilesh Yadav पर बरसे OP Rajbhar, कहा मुस्लिम वोट बैंक खोने के डर से रहते हैं परेशान

सबका ध्यान CJP प्रोटेस्ट पर था इधर 15 अक्टूबर से लगने वाले MDR चार्ज पर आ गई बड़ी खबर, जाने अब क्या अपडेट आया?

Travel Tips: Vrindavan के Chhatikara में स्थित Char Dham Mandir में करें चार धामों के दर्शन