France ने Yemen भेजी जा रहीं ईरान के असॉल्ट राइफलें, मिसाइलें जब्त कीं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 02, 2023

फ्रांस के नौसैनिकों ने ओमान की खाड़ी में एक अज्ञात जहाज से पिछले महीने हजारों की संख्या में असॉल्ट राइफलें, मशीनगन एवं टैंक निरोधक मिसाइलें जब्त की हैं। इन हथियारों को कथित तौर पर ईरान से यमन के हूथी विद्रोहियों के लिये भेजा जा रहा था। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी। हथियार जब्ती की यह कार्रवाई ओमान की खाड़ी में 15 जनवरी को हुयी, जो होरमुज जलडमरूमध्य से संबद्ध एक जल निकाय है। यह फारस की खाड़ी का संकरा मुहाना है, जो अरब सागर से होते हुए हिंद महासागर तक जाता है।

संयुक्त राष्ट्र के एक प्रस्ताव में ईरान समर्थित हूथी विद्रोहियों को हथियारों की आपूर्ति पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। हूथी विद्रोहियों ने 2014 के आखिर में देश की राजधानी पर कब्जा कर लिया था, और मार्च 2015 से देश की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का समर्थन करने वाले सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ संघर्षरत हैं। ईरान ने हालांकि, फ्रांस द्वारा जब्त किये गये हथियारों के बारे में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने पकड़े गये हथियारों की तस्वीरें जारी कीं। तस्वीरों में ये हथियार अमेरिकी सेना द्वारा पकड़े गए ईरान के अन्य हथियारों के समान ही नजर आ रहे हैं।

फ्रांस की ओर से हथियार पकड़े जाने की यह घोषणा ऐसे समय में की गयी है जब ईरान यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस के लिए ड्रोन की अपनी खेप तथा वहां जारी सैन्य कार्रवाई को लेकर पश्चिमी दबाव का सामना कर रहा है। ईरान के शहर इस्फ़हान में एक सैन्य कार्यशाला पर एक संदिग्ध इजराइली ड्रोन के हमले के बाद क्षेत्रीय तनाव बढ़ गया है।

प्रमुख खबरें

Ranji Trophy: Mohammed Shami के चार विकेट से Bengal ने Delhi को 240 रन पर समेटा

यूक्रेनी ड्रोन हमले से Russia की टेक कंपनी Yandex का डेटा सेंटर ठप

रिहाई के बाद CJP नेताओं ने भरी हुंकार, देशभर में प्रदर्शन करने का किया ऐलान

36 साल की उम्र में Bhuvneshwar Kumar की Team India में वापसी पर बोले Suresh Raina