दिल्ली वासियों को अयोध्या के मुफ्त दर्शन कराएगी केजरीवाल सरकार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 27, 2021

अयोध्या (उत्तर प्रदेश)| दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को ऐलान किया कि उनकी सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब दिल्ली वासियों को अयोध्या के भी नि:शुल्क दर्शन कराएगी।

इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र के मंत्री ने शिक्षा मॉडल को समझने के लिए दिल्ली सरकार के स्कूलों का दौरा किया

केजरीवाल ने कहा कि इस सिलसिले में बुधवार को दिल्ली सरकार की विशेष कैबिनेट बैठक होगी, जिसमें इस फैसले पर मुहर लगाई जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘अब दिल्ली के लोग भी राम जन्म भूमि अयोध्या के दर्शन कर सकेंगे। तीर्थ यात्रा योजना के तहत दिल्ली वासियों को वातानुकूलित रेलगाड़ियों से ले जाकर तीर्थ स्थलों पर वातानुकूलित होटलों में रखा जाता है। इसका पूरा खर्च दिल्ली सरकार उठाती है।’’

इस सवाल पर कि क्या उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया है, केजरीवाल ने कहा, ‘‘मैंने भी राम मंदिर के लिए चंदा दिया है लेकिन दान को हमेशा गोपनीय रखा जाना चाहिए।’’ केजरीवाल ने कहा, ‘‘मैंने भगवान राम से प्रार्थना की है कि देश के सभी लोग खुशहाल जिंदगी जियें, कोविड-19 महामारी का अंत हो और आने वाले समय में देश में सही मायनों में विकास नजर आए। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे रामलला के आगे शीश नवाने का मौका मिला। मैं प्रार्थना करता हूं कि हर किसी को यह अवसर मिले।’’

केजरीवाल ने ट्विटर पर भी अपने अयोध्या दौरे और उस दौरान किए गए दर्शन का जिक्र किया। गौरतलब है कि केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी (आप) ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया है।

केजरीवाल ने सोमवार को सरयू नदी के तट पर आरती की थी और कहा था कि भगवान राम की जन्मभूमि पर आना सम्मान की बात है। आप ने पिछले महीने अयोध्या से ही अपनी विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की थी।

उस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं मनीष सिसोदिया और संजय सिंह ने राम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी में पूजा अर्चना की थी। पार्टी ने अयोध्या के गांधी पार्क से अपनी तिरंगा यात्रा भी शुरू की थी। आप ने दिल्ली की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी सरकार बनने पर घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने, 38 लाख परिवारों के बकाया बिजली बिल को माफ करने और राज्य में 24 घंटे बिजली देने का वादा किया है।

इसे भी पढ़ें: समाज से बुराई को समाप्त करने के लिए भगवान राम के दिखाए रास्ते पर चलना चाहिए: केजरीवाल

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर