By अभिनय आकाश | Mar 06, 2022
रूस और यूक्रेन के बीच की लड़ाई अब 11 वें दिन में पहुंच चुकी है। रूसी सेना की तरफ से कीव के बाहरी इलाके इरपिन में घुसपैठ के साथ ही खारकीव में भी जबरदस्त बमबारी जारी है। इन सब के बीच तमाम मुल्कों की तरफ से युद्घ को रोकने के प्रयास किये जा रहे हैं। इसी क्रम में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच आज बातचीत हुई है। एएफपी समाचार एजेंसी ने एलिसी पैलेस के हवाले से बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 1 घंटे 45 मिनट तक टेलीफोन वार्ता की है।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एक टेलीफोन कॉल में पुतिन ने कीव को प्रमुख यूक्रेनी बंदरगाह शहर मारियुपोल से विफल नागरिक निकासी के लिए दोषी ठहराया, जो रूसी सैनिकों से घिरा हुआ है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान को तभी निलंबित किया जा सकता है जब कीव सैन्य कार्रवाई बंद कर दे।
बता दें कि फ्रांस के राष्ट्रपति शुरू से ही एक मध्यस्थत की भूमिका निभाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उन्हें अब तक इसमें बहुत कामयाबी मिली नहीं है। इसलिए शुरुआत के दिनों में उनका जो नरम रवैया नज़र आ रहा था वो बाद के दिनों में बदल था और कड़ा हो गया था। उन्होंने एक बयान भी दिया था कि दुनिया को अब एक बड़ी लड़ाई के लिए तैयार हो जाना चाहिए।