By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026
खाद्य सुरक्षा नियामक एफएसएसएआई ने अपनी प्रवर्तन कार्रवाई के तहत बिसलेरी समेत बोतलबंद पानी के सभी प्रमुख ब्रांडों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं। इसके साथ ही नियामक ने नियमों का पालन नहीं करने वाली कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, खाद्य नियामक की इस प्रवर्तन कार्रवाई के तहत बोतलबंद पानी की प्रमुख कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी गई है। सूत्रों ने कहा कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के अधिकारियों ने बोतलबंद पेयजल कारोबार से जुड़ी खाद्य कारोबार इकाइयों (एफबीओ) के परिसरों का निरीक्षण किया है और वहां से नमूने लेकर प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजे हैं। एक सूत्र ने कहा कि बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी भी जनहित में की जा रही इसी कार्रवाई का हिस्सा है।
सूत्र के मुताबिक, प्रयोगशाला जांच में नमूने विफल पाए जाने और नियमों का उल्लंघन सामने आने पर अन्य कंपनियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एफएसएसएआई ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया था कि उसने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ असुरक्षित बोतलबंद पेयजल के मामले में अभियोजन शुरू करने की मंजूरी दी है। नियामक के मुताबिक, कंपनी के परिसर से जांच के लिए लिए गए बोतलबंद पेयजल (मिनरल वाटर को छोड़कर) के नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाई गई।
इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित कर दिया गया। ब्रोमेट एक रासायनिक यौगिक है, जो पानी को कीटाणुरहित करने की प्रक्रिया के दौरान बन सकता है। पेयजल में इसकी निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
लंबे समय तक इसके अधिक सेवन से कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। हालांकि, कंपनी की अपील पर नमूने को संदर्भ खाद्य प्रयोगशाला में भेजा गया। लेकिन वहां भी पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) पाए जाने के कारण इसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया।
पीएएच ऐसे रासायनिक यौगिकों का समूह है, जिनमें से कुछ कैंसरकारी माने जाते हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से कैंसर का भी खतरा बढ़ सकता है। एफएसएसएआई ने कहा कि प्रयोगशाला की जांच में खाद्य सुरक्षा कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से जुड़े उल्लंघन की पुष्टि हुई।
इसके आधार पर बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन शुरू करने की मंजूरी दी गई है। इस बीच, बिसलेरी इंटरनेशनल ने सोमवार को कहा कि उसका पैकेज्ड पेयजल पीने के लिए सुरक्षित है और वह इस मामले में खाद्य नियामक के साथ सहयोग करेगी। बोतलबंद कारोबार से जुड़ी कंपनी ने कहा कि उसे अब तक ईमेल या कागजी माध्यम से कोई नोटिस नहीं मिला है और वह एफएसएसएआई की वेबसाइट पर भी संबंधित नोटिस नहीं ढूंढ पाई है।
बिसलेरी ने अपने उत्पाद को उपभोग के लिए सुरक्षित बताते हुए कहा, पीने के पानी की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। हम अपनी 10 चरणों वाली विनिर्माण प्रक्रिया में 90 से अधिक जांच के जरिये गुणवत्ता पर कड़ा नियंत्रण रखते हैं।