By अंकित सिंह | Apr 26, 2022
राजस्थान के दौसा में सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की एक घटना घटी है। इस घटना को लेकर भाजपा लगातार राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर हमलावर है। इसी घटना के सवाल पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सीधा गांधी परिवार पर निशाना साधा है। अनुराग ठाकुर ने सवाल करते हुए कहा कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी पार्टी सांसद राहुल गांधी की तरह लंबी छुट्टी पर चली गयी हैं? ठाकुर ने कहा कि राजस्थान में बच्चों एवं महिलाओं पर अत्याचार के मामले बढ़ रहे हैं और राज्य में शासन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मेरा सवाल है कि क्या सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी देश में हैं?
सतीश पूनिया ने कहा कि राजस्थान के बारे में दुनिया में ये संदेश था कि ये शांतिपूर्ण प्रदेश है और यहां पर अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की उपस्थिति में गृह मंत्री होते हुए उनकी नाक के नीचे हर दिन 18 बलात्कार हो रहे हैं। आपको बता दें कि राजस्थान पुलिस के अनुसार रविवार को दौसा जिले के एक गांव में दो लोगों ने 35 साल की विवाहिता के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि महिला का शव सोमवार को जयपुर जिले के बस्सी थाना क्षेत्र में एक कुएं में मिला।