By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 01, 2021
पटना। बिहार के सारण जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जिस महिला के साथ दरिंदगी की वारदात को अंजाम दिया गया वह शादीशुदा है। इस पूरी वारदात का खुलासा तब हुआ जब पत्नी के साथ हुई इस दरिंदगी का वायरल वीडियो पति के पास पहुंचा। पति ने जब अपने मोबाइल में वीडियो देखा तो उसके होश उड़ गए।
शादीशुदा महिला के साथ दुष्कर्म की यह वारदात एक सप्ताह पहले की बताई जा रही है। वीडियो के वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले में पीड़िता ने 6 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल छपरा सदर अस्पताल में कराया है।
सामने आई वारदात
हालांकि मामले में पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। जानकारी के मुताबिक यह घटना 23 जून की है। वीडियो वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया है। पूरा मामला छपरा जिले के अवतार नगर थाना क्षेत्र से संबंधित है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला जब 23 जून की रात शौच के लिए गई तब 6 लोगों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
दुष्कर्म का वीडियो बनाकर आरोपियों ने महिला को धमकी भी दी थी। जिसके बाद घर पहुंची डरी सहमी महिला ने किसी को वारदात के बारे में नहीं बताया। वीडियो के वायरल होने के बाद महिला के पति ने पूरी बात जानी। जिसके बाद महिला ने पुलिस में सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई।