By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026
हरियाणा पुलिस भगोड़े गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के प्रत्यर्पण की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के साथ मिलकर काम कर रही है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार हिमांशु भाऊ को अमेरिका के अधिकारियों ने हिरासत में लिया है और वह फिलहाल अमेरिका आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आइसीई) की गिरफ्त में है।
अधिकारियों ने बताया कि भाऊ को 17 साल की उम्र में अपने एक विरोधी की कथित तौर पर हत्या के प्रयास के आरोप में हिरासत में लिया गया था लेकिन वह 2020 में हिसार के एक बाल सुधार गृह से फरार हो गया। इसके बाद से वह संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा और अब भाऊ सबसे वांछित अपराधियों में से एक है। जांचकर्ताओं का आरोप है कि भाऊ शुरुआत में फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत से पुर्तगाल भागा था और तब से विदेशों में रहकर अपने आपराधिक गिरोह का संचालन कर रहा है।
उसके गिरोह के संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग के विरोधी समूहों से हैं। यह गिरोह सितंबर में उस समय सुर्खियों में आया, जब उसने दक्षिण दिल्ली के आया नगर इलाके में जिम ट्रेनर और मालिक विजय कुमार की दिनदहाड़े हुई हत्या की सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी ली। विजय कुमार को 14 सितंबर को झांसा देकर बाहर बुलाया गया और मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
इस गिरोह का नाम 2024 में राजौरी गार्डन स्थित बर्गर किंग आउटलेट में हुई गोलीबारी से भी जुड़ा था, जिसमें 26 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई थी। भाऊ ने सोशल मीडिया पर इस हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया था कि युवक 2020 में उसके एक सहयोगी की हत्या में शामिल था।