गहलोत की मांग, सभी नागरिकों के निशुल्क टीकाकरण की स्पष्ट घोषणा करे केंद्र सरकार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 22, 2020

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि केंद्र सरकार सभी नागरिकों को कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव का टीका निशुल्क लगाने के लिए स्पष्ट घोषणा करे। उन्होंने कहा कि सही समय पर जानकारी देने से आमजन के बीच टीके की कीमत और उपलब्धता के बारे में भ्रम की स्थिति नहीं रहेगी। गहलोत सोमवार को राज्य में कोरोना महामारी की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोगों का आत्म-विश्वास बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा इस तरह की घोषणा जरूरी है। इसके साथ ही गहलोत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे राजस्थान में सभी लोगों को कोविड-19 टीकाकरण के संबंध में पुख्ता तैयारियां करें। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी और उसके गम्भीर आर्थिक प्रभावों के कारण बड़ी संख्या में आबादी टीके की कीमत चुकाने की स्थिति में नहीं है। ऐसे में केन्द्र सरकार को देश के सभी नागरिकों के लिए टीका निशुल्क उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्मिकों और अति आवश्यक सेवाओं से जुड़े अग्रणी योद्धाओं को टीकाकरण के लिए प्राथमिकता देना उचित है। लेकिन अंततः किसी भी अन्य टीकाकरण अभियान की तरह यह टीका भी सभी के लिए और निशुल्क उपलब्ध होना चाहिए। 

इसे भी पढ़ें: खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय ने PM FME स्कीम के लिए 5 संस्थानों के साथ किया एमओयू

गहलोत ने जनता का आह्वान किया है कि दीपावली के त्योहार की तरह ही नववर्ष का जश्न भी घरों के अन्दर रहकर अपने परिवार के साथ मनाएं ताकि संक्रमण से बचाव हो सके। गहलोत ने कहा कि नववर्ष के मद्देनजर अगले कुछ सप्ताह पूरे राज्य में भीड़ इकट्ठा होने, सामूहिक आयोजनों और आतिशबाजी आदि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने लोगों में संक्रमण से बचाव की जागरूकता के उद्देश्य से स्वायत्त शासन विभाग को ‘कोरोना के विरूद्ध जन आंदोलन’ की अवधि 31 जनवरी तक बढ़ाने के निर्देश दिए।

प्रमुख खबरें

West Bengal के SIR अधिकरण से जस्टिस बिस्वजीत बसु ने दिया इस्तीफा

सोनम Sonam Wangchuk ने उपराज्यपाल प्रशासन पर साधा निशाना, President Murmu से हस्तक्षेप की मांग

Kolkata में अभिषेक बनर्जी के घर पर हमले का आरोप, TMC और BJP कार्यकर्ताओं में झड़प

Siang Project: अरुणाचल में बांध विरोधी प्रदर्शनकारी एक माह बाद जेल से रिहा