अगर आप अच्छे कुक हैं तो इस तरह कमाएं पैसा और शोहरत

By वरूण क्वात्रा | Jan 30, 2019

कुछ सालों पहले तक कुकिंग को केवल महिलाओं का कार्य ही समझा जाता था। इतना ही नहीं, कुकिंग को एक सामान्य गृहकार्य समझकर उसे कोई खास तवज्जो नहीं दी जाती थी लेकिन बदलते समय में न सिर्फ लोगों की सोच बदली है, बल्कि कुकिंग स्किल्स के जरिए बहुत से लोगों ने नाम व पैसा कमाया है। संजीव कपूर, विकास खन्ना, रणबीर बराड़, पंकज भदौरिया, विकी रतनानी, निशा मधुलिका आदि कुछ ऐसे ही नाम हैं, जिन्होंने महज अपने कुकिंग स्किल्स के जरिए लोगों के दिलों में अपनी एक अलग जगह बनाई है। अगर आप भी स्वाद की बेहतर समझ रखते हैं तो इस क्षेत्र में कॅरियर की राह तलाश कर सकते हैं।

कार्यक्षेत्र

एक शेफ का मुख्य कार्य सिर्फ भोजन ही पकाना नहीं होता, बल्कि वह हर सब्जी, मसाले की बारीकी से समझ रखता है। एक बेहतरीन शेफ वही होता है जो पहले से मौजूद चीजों की मदद से हर बार कुछ नया बनाने की क्षमता रखता हो या फिर उन्हीं डिशेज को एक नए अंदाज में पेश कर सके। एक शेफ के कार्यक्षेत्र में भोजन को बेहतर तरीके से पकाने के साथ−साथ उसे बेहतरीन तरीके से पेश करना भी शामिल होता है। 

स्किल्स

एक शेफ को भोजन की अच्छी समझ तो होनी चाहिए ही, साथ ही उसे भारत या अन्य देशों में भी लोगों की ईटिंग हैबिट्स या डाइट के बारे में पता होना चाहिए। इसके अतिरिक्त अपने काम के दौरान एक शेफ को कई तरह के इलेक्ट्रिक इंस्ट्रूमेंट्स के साथ काम करना पड़ता है, इसलिए उसे भी सही तरह से ऑपरेट करना आना चाहिए। वहीं उसमें क्रिएटिविटी व चीजों को अलग तरीके से देखने की क्षमता भी होनी चाहिए ताकि वह बेहद सिंपल इंग्रीडियटेंट से भी एक मजेदार डिश पेश कर सके।

इसे भी पढ़ेंः वेब डिजाइनिंग के क्षेत्र में कॅरियर बना कर कमा सकते हैं लाखों रुपए

योग्यता

इस क्षेत्र में कदम रखने के लिए प्रोफेशनल स्किल्स का होना आवश्यक है। अगर आप भी अपने हाथों के जायके से लोगों को दीवाना बनाना चाहते हैं तो 12वीं के बाद डिप्लोमा इन कलिनरी आर्टस कर सकते हैं या फिर होटल मैनेजमेंट में डिग्री कोर्स करने के बाद भी इस क्षेत्र में कदम रखा जा सकता है।

संभावनाएं

बदलते दौर में, कुकिंग स्किल्स का प्रयोग सिर्फ किचन तक ही सीमित नहीं रह गया है। एक शेफ विभिन्न रेस्त्रां, होटल्स व फाइव स्टार में तो जॉब ढूंढ़ ही सकता है। इसके अतिरिक्त बड़े−बड़े हॉस्पिटल्स, फूड चैनल्स, एयर कैटरिंग यूनिट्स, विभिन्न फूड कंपनी, मल्टीनेशनल कंपनी आदि में जॉब की तलाश कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त एक फूड ब्लॉगर या फूड राइटर के तौर पर भी कार्य किया जा सकता है। वहीं अगर आपके पास थोड़ा पैसा व अनुभव है तो खुद की कैटरिंग कंपनी, टिफिन सर्विसेज या फिर छोटे होटल या फूड स्टॉल्स से शुरूआत की जा सकती है। 

इसे भी पढ़ेंः दूसरों की हैंडराइटिंग पढ़कर भी बना सकते हैं अपना कॅरियर 

आमदनी

इस क्षेत्र में आमदनी इस बात पर निर्भर करती है कि आप किस रूप में अपने कॅरियर की शुरूआत कर रहे हैं। मसलन, एक ट्रेनी को शुरूआत में दस से पन्द्रह हजार ही मिलते हैं लेकिन अनुभव मिलने के साथ−साथ सैलरी भी बढ़कर 40 से 50 हजार पहुंच जाती है। वहीं अगर आपने अपना खुद का काम शुरू किया है तो आमदनी आपके द्वारा पेश किए जाने वाले टेस्ट पर निर्भर करेगी।


प्रमुख संस्थान

-आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी, बैंगलोर

-द ताज ग्रुप इंस्टीटयूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, औरंगाबाद

-नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी, नई दिल्ली

-ओरिएंटल स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट, केरल

-आरएन शेट्टी कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी, कोलकाता

-वरूण क्वात्रा

प्रमुख खबरें

कोयला आवंटन केस में मनमोहन सिंह पर सुप्रीम कोर्ट का क्या फैसला आ गया? ट्रायल कोर्ट का आदेश निरस्त

Arvind Kejriwal का बड़ा आरोप, E20 Petrol को लेकर Auto Sector पर दबाव बना रही केंद्र सरकार

जुमांजी सीरीज की आखिरी फिल्म Jumanji Open World का ट्रेलर रिलीज, इस क्रिसमस थिएटर्स में मचेगा धमाल!

सावन में सात्विक भोजन का स्वाद: बिना Onion-Garlic ऐसे बनाएं 3 Shahi Recipes, फेल होंगे महंगे Restaurants