By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 26, 2020
पणजी। भाजपा की गोवा इकाई ने शनिवार को अपने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे 2022 के विधानसभा चुनावों में अधिक से अधिक सीटें जीतने की दिशा में काम करना शुरू कर दें। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की उपस्थिति में मापुसा में आयोजित पार्टी की एक बैठक के दौरान गोवा भाजपा अध्यक्ष सदानंद तानावडे ने राज्य कार्यकारी समिति के सदस्यों से कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करें।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इस महामारी के दौरान ऑनलाइन माध्यमों से लोगों के संपर्क में थे, लेकिन अब उन्हें बाहर आकर संपर्क स्थापित करना चाहिए। तानावडे ने कहा कि हमें 2022 में सभी विधानसभा क्षेत्रों में काम करके विधानसभा चुनावों में बहुमत हासिल करने का लक्ष्य रखना चाहिए। सभी 40 विधानसभा क्षेत्रों में हमारे पास बूथ स्तर की समितियां हैं।