By अंकित सिंह | Mar 07, 2025
कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव को 10 मार्च तक डीआरआई की हिरासत में भेज दिया गया है। अदालत ने उन्हें हर दिन आधे घंटे के लिए अपने वकील से मिलने की अनुमति दी है। अदालत ने यह भी कहा कि उन्हें भोजन और बिस्तर जैसी आवश्यक चीजें उपलब्ध कराई जानी चाहिए और डीआरआई को पूछताछ के दौरान रान्या पर कठोर व्यवहार नहीं करना चाहिए। अभिनेत्री रान्या राव जिन्हें इस सप्ताह की शुरुआत में दुबई से 14.2 किलोग्राम सोने की तस्करी के आरोप में केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था।
जांचकर्ताओं ने खुलासा किया कि राव, जिसकी पहचान उसके पासपोर्ट में हर्षवर्दिनी रान्या के रूप में की गई है, पिछले छह महीनों में 27 बार दुबई की यात्रा कर चुकी है, जिससे इन लगातार यात्राओं की प्रकृति के बारे में चिंताएँ बढ़ गई हैं। गिरफ़्तारी के बाद, उसने कथित तौर पर दुबई के रियल एस्टेट सेक्टर में एक फ्रीलांसर के रूप में काम करने का दावा किया। राव ने गुरुवार को जमानत के लिए आवेदन किया, लेकिन अदालत ने डीआरआई की हिरासत के अनुरोध को प्राथमिकता देने के अपने फैसले को टाल दिया। डीआरआई अधिकारियों के अनुसार, केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 34 वर्षीय अभिनेत्री से 12.56 करोड़ रुपये के सोने की छड़ें जब्त की गईं। उसके बाद उसके आवास पर की गई तलाशी में 2.06 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और 2.67 करोड़ रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।