सरकार किसानों की भलाई के लिये प्रतिबद्ध, एमएसपी प्रणाली मजबूत की गयी : वित्त मंत्री

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 01, 2021

नयी दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्पादन लागत की तुलना में कम से कम 1.5 गुना कीमत सुनिश्चित करने के लिये न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की व्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है। इसके साथ ही किसानों से अनाजों की खरीद और उनको किया जाने वाला भुगतान तेजी से बढ़ा है। वित्त मंत्री ने बजट भाषण में कहा कि पिछले छह साल में धान, गेहूं, दालों और कपास जैसी फसलों की खरीद कई गुना बढ़ी है।

इसे भी पढ़ें: निर्मला सीतारमण ने बजट घोषणा में कहा- राष्ट्रीय मौद्रिकरण कार्यक्रम शुरू करेगी सरकार

उन्होंने कहा, ‘‘गेहूं की खरीद पर 2013-14 में किसानों को 33,874 करोड़ रुपये दिये गये थे, जो बढ़कर 2019-20 में 62,802 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। 2020-21 में किसानों को 75 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है। जिन किसानों को लाभ हुआ है, उनकी संख्या भी 2019-20 के 35.57 लाख से बढ़कर 2020-21 में 43.36 लाख पर पहुंच गयी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘धान की खरीद पर किसानों को 2013-14 में 63,928 करोड़ रुपये दिये गये थे। यह बढ़कर 2019-20 में 1,41,930 करोड़ रुपये हो गया। 2020-21 में यह और बेहतर हुआ तथा इसके बढ़कर 1,72,752 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। लाभ पाने वाले धान किसानों की संख्या 2019-20 के 1.2 करोड़ से बढ़कर 2020-21 में 1.54 करोड़ पर पहुंच गयी।’’

वित्त मंत्री ने कहा कि दालों के मामले में किसानों को 2013-14 में 236 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। यह बढ़कर 2019-20 में 8,285 करोड़ रुपये और 2020-21 में 10,530 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह 2013-14 की तुलना में 40 गुना से अधिक की वृद्धि है। इसी तरह कपास के किसानों को भुगतान 2013-14 में 90 करोड़ रुपये रहा था, जो 2020-21 में 27 जनवरी तक बढ़कर 25,974 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

प्रमुख खबरें

Uric Acid और Joint Pain से हैं परेशान? ये चमत्कारी Detox Drink देगा फौरन राहत

पहले राहुल गांधी, अब ममता की TMC, मिडिल ईस्ट संकट पर सरकार की बुलाई ऑल पार्टी मीटिंग से क्यों बच रहा विपक्ष?

मर्यादा, सुशासन और शांति के विश्वनायक श्रीराम

तेज होती हथियारों की होड़ और अस्थिर होती विश्व व्यवस्था