सरकार का दावा, अभी सामुदायिक स्तर पर संक्रमण के चरण में नहीं पहुंचा है भारत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 09, 2020

नयी दिल्ली। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी के बीच सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत कोविड-19 के सामुदायिक स्तर पर संक्रमण के चरण में अभी नहीं पहुंचा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में ओएसडी राजेश भूषण से जब यह पूछा गया कि क्या भारत सामुदायिक स्तर पर संक्रमण के चरण में पहुंच गया है, तो उन्होंने कहा, ‘‘स्वास्थ्य मंत्रालय (हषवर्धन) ने जीओएम के बाद आज भी स्पष्ट किया कि भारत अब भी सामुदायिक स्तर पर संक्रमण के चरण में नहीं पहुंचा है। कुछ भौगोलिक क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर संक्रमण फैला है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हमारे देश के केवल 49 जिलों में कोरोना वायरस संक्रमण के 80 प्रतिशत मामले हैं। यदि 733 से अधिक जिलों वाले देश के49 जिलों में 80 प्रतिशत मामले सामने आए हैं, तो सामुदायिक स्तर पर संक्रमण फैलने की बात करना सही नहीं है।’’ भूषण ने कहा कि यदि कोई संक्रमित व्यक्ति पाया जाता है, तो निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उसके संपर्क में आए लोगों का तीन दिन में पता लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत, प्रति 10 लाख लोगों में कोविड-19 संक्रमण के मामले और मौत की संख्या की सबसे कम दर वाले देशों में शामिल है। आईसीएमआर के एक अधिकारी ने बताया भारत में औसतन प्रतिदिन 2.6 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा रही है। देश में जांच की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। भूषण ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त हुए लोगों की संख्या उपचाराधीन संक्रमित लोगों की संख्या से 1.75 गुणा अधिक है। उन्होंने बताया कि भारत में कोविड-19 के कारण मारे गए 53 प्रतिशत लोगों की आयु 60 साल से अधिक है।

प्रमुख खबरें

IPL के 20वें सीजन की तैयारी: BCCI ने 15 अक्टूबर को बुलाई सभी फ्रेंचाइजी और स्टेकहोल्डर्स की बैठक

Asian Champions Trophy 2026 से हटा Pakistan, 1 नवंबर को Malaysia से भिड़ेगा India

10 October को खुला था Vidyasagar Setu, जानिए इस तारीख से जुड़ा इतिहास

ICC पर America ने लगाए कड़े वित्तीय प्रतिबंध, अदालत को बताया राजनीतिक रूप से प्रेरित