आतंकी संगठनों के ड्रोन हमलों से निपटने के लिए समग्र नीति बनाए सरकार: कांग्रेस

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 29, 2021

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर में वायुसेना के एक स्टेशन पर ड्रोन से बम गिराए जाने की घटना की पृष्ठभूमि में मंगलवार को कहा कि सरकार को पाकिस्तान में मौजूद आतंकी संगठनों के ड्रोन हमलों से निपटने के लिए ठोस और समग्र नीति बनानी चाहिए। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार को ‘हेडलाइन मैनेजमेंट’ करने की बजाय इस विषय पर रक्षा विशेषज्ञों से परामर्श लेने की जरूरत है।

इसे भी पढ़ें: नीट परीक्षा पर समिति के गठन को लेकर कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार से पूछे सवाल

कांग्रेस महासचिव ने इस बात पर भी जोर दिया कि सरकार को यह पता होना चाहिए कि ऊंचाई वाले इलाकों के लिए चीन ने पाकिस्तान को 50 विंग लूंग-2 सशस्त्र ड्रोन बेचे हैं। उन्होंने संसद में पूछे गए कुछ प्रश्नों का हवाला देते हुए कहा कि सरकार इससे जरूर अवगत होगी कि सांसदों ने ड्रोन हमलों के मुद्दे पर बार-बार सवाल पूछे हैं।

सुरजेवाला ने यह भी कहा, ‘‘पूरा देश इस तरह के हमलों को नाकाम करने के लिए हमारे सुरक्षा बलों और सरकार के साथ खड़ा है। परंतु मोदी सरकार को इसका अहसास करना चाहिए कि ‘हेडलाइन मैनेजमेंट’ करने की बजाय रक्षा विशेषज्ञों से रणनीतिक सलाह लेने की जरूरत है।’’ गौरतलब है कि जम्मू स्थित भारतीय वायुसेना के स्टेशन में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात एक ड्रोन से दो बम गिराए गए थे। यह इस तरह का पहला हमला था। इस घटना में दो लोग घायल हो गए।

प्रमुख खबरें

Bollywood Wrap Up | National Film Awards 2026 | गुजरात के केवड़िया में सजी दिग्गजों की महफिल | Anant Nag, Mammootty, Yami Gautam ने जीता अवॉर्ड

Shreyas Iyer बोले, सानो की टर्निंग पिच पर बैटिंग थी मुश्किल, Asian Games के लिए मिला अभ्यास

Donald Trump से मिलेंगे British PM Andy Burnham, UN में उठाएंगे AI और Middle East का मुद्दा

Jamui मामले पर Tejashwi Yadav का हमला, CM Samrat Choudhary से मांगा इस्तीफा