By Kusum | Jan 08, 2025
आईसीसी टेस्ट क्रिकेट में टू टियर स्ट्रक्चर पर विचार कर रही है, जिसके लिए आईसीसी लगातार बीसीसीआई, ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के संपर्क में है। दरअसल, ऐसा इसलिए भी माना जा रहा है कि इस महीने के आखिर तक फैसला हो जाएगा। लेकिन आईसीसी के इस प्लान पर पूर्व क्रिकेटर्स ने सवाल उठाए हैं। वहीं ग्रीम स्मिथ का मानना है कि कैसे महज टॉप 3 टीमें एक-दूसरे के खिलाफ टेस्ट खेलेंगी? वहीं, श्रीलंका के पूर्व कप्तान अर्जुन रणातुंगा का कहना है कि वैश्विक स्तर पर क्रिकेट को बेहतर करने की जरूरत है।
श्रीलंका के पूर्व कप्तान अर्जुन रणातुंगा ने कहा कि मैं इकोनॉमिक्स को समझता हूं इससे 3 बोर्ड को फायदा होगा, लेकिन खेल पाउंड, डॉलर्स औऱ रुपये के लिए नहीं है। इस खेल से जुड़े लोगों को निश्चित तौर पर बेहतरी के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से वर्ल्ड क्रिकेट को आकार देता आया है। जगमोहन डालमियां, राज सिंह डुंगरपुर, शरद पवार और शशांक मनोहर जैसे प्रशासकों ने क्रिकेट की बेहतरी पर काम किया , जिसके बाद भारत को आज इसी सोच की जरूरत है।